कानपुर(ब्यूरो) सिटी को क्लीन करने का लिए महापौर व नगर निगम ने एक एक्शन प्लान तैयार किया है। जिसके लिए 110 सफाई कर्मचारियों की एक डेडिकेटेड टीम तैयार की गई है। जिसको नाम दिया गया है महापौर योद्धा। इसी नाम की जर्सी में यह टीम नजर भी आएगी। यहीं नहीं कॉर्पोरेट कंपनी की तरह उन्हें लाने ले जाने के लिए दो बसें भी लगाई जाएंगी। रोस्टर प्लान तैयार भी कर लिया गया है।

दो जनवरी से रोस्टर प्लान
महापौर योद्धा सफाई टीम का उद्घाटन दो जनवरी को नगर निगम मुख्यालय कैंपस से होगा। जहां से तय रोस्टर पर एक दिन सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक सफाई अभियान चलाया जाएगा। एक वार्ड में चार से पांच दिन तक सफाई अभियान चलाया जाएगा और एक कर्मचारी को 250 मीटर एरिया के सफाई का टारगेट दिया गया है। उसमें रोड, नाली भी शामिल होगी। एक जोन में टीम चार दिन लगातार काम करेगी। संडे को टीम को ऑफ भी दिया जाएगा।

बस में ही होगी अटेंडेंस
बड़े पैमाने पर सिटी को क्लीन करने के लिए 110 कर्मचारियों को लाने ले जाने के लिए 55 सीट वाली दो बसों की भी व्यवस्था की जा रही है। एक बस पहले से नगर निगम के पास है जबकि दूसरी बस को जल्द ही खरीदा जाएगा। सभी कर्मचारी नगर निगम मुख्यालय में सुबह तय समय पर पहुंचेंगे। उन्हें बस से जोन में स्पॉट पर ले जाया जाएगा। काम खत्म होने के बाद उन्हें उसी बस से वापस मुख्यालय लाया जाएगा। इस दौरान कर्मचारियों की अडेंटेंस भी कराई जाएगी। गायब होने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी है।

एक महीना चलेगा अभियान
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ। अजय संखवार ने बताया कि सफाई अभियान के लिए रोस्टर तैयार किया जा रहा है। रोस्टर के मुताबिक एक महीने तक लगातार अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान करीब 45 किमी सिटी का सराउंडिंग एरिया क्लीन किया जाएगा।

वीआईपी मूवमेंट में मददगार
हर वार्ड से एक-एक सफाई कर्मचारी से महापौर योद्धा की टीम-110 तैयार की गई है। सिटी में यह रोस्टर के अनुसार अभियान चलाएगी। इसके बाद महापौर के नेतृत्व वाली टीम कंप्लेन आने पर भी काम करेंगी। इससे जोन व वार्ड में काम करने वाले सफाई कर्मचारियों की टीम अलग रहेंगी। सिटी में वीआईपी मूवमेंट के दौरान किसी जोन व वार्ड के सफाई कर्मचारियों की जगह महापौर योद्धा सफाई कर्मचारियों की टीम ही मोर्चा लेगी। इससे जोन व वार्ड के सफाई कर्मचारी प्रभावित नहीं होंगे और एरिया में व्यवस्था भी नहीं बिगड़ेगी।