-कर्नलगंज निवासी है घायल, साहिदाबाद में हुई घटना

-दोस्त के घर गया था, रास्ते में लड़ रहे दो लोगों ने गोली चलाई

KANPUR : चमनगंज में सोमवार को सरेराह संदिग्ध परिस्थिति में युवक के गोली लगने से हड़कम्प मच गया। वो दोस्त के घर से वापस लौट रहा था कि तभी हादसे का शिकार हो गया। राहगीरों ने उसको हॉस्पिटल में एडमिट कराकर कंट्रोल रूम में सूचना दी। पुलिस ने मौके पर जाकर पड़ताल की, लेकिन उनको कोई सुराग नहीं मिला। इधर, घायल भी गोली चलाने वाले को देख नहीं पाया है। जिससे पुलिस के लिए आरोपी की पहचान करना मुश्किल हो गया है।

प्राइवेट पार्ट में लगी गोली

कर्नलगंज में रहने वाले अब्दुल शाहिद के दो बेटे शमशाद और रियाज (24) हैं। रियाज सोमवार को चमनगंज के साहिदाबाद में रहने वाले दोस्त शमीम के घर गया था। शमीम जेल में बंद है। वो शमीम के परिजनों से मिलने गया था। वहां से वो घर वापस लौट रहा था कि रास्ते में उसके संदिग्ध परिस्थिति में गोली लग गई। उसके प्राइवेट पार्ट पर गोली लगी है। उसके मुताबिक रास्ते में कुछ लोग लड़ रहे थे। वो उनके बगल से गुजर रहा था कि तभी उनमें से किसी युवक ने फायर किया, जिससे उसको गोली लग गई। वहीं, इलाकाई लोग इसके पीछे कुछ और कारण बता रहे हैं। उनके मुताबिक रियाज पर मारपीट और हत्या के प्रयास का केस दर्ज है। साथ ही उसका करीबी दोस्त शमीम जेल में है। उसकी कुछ अपराधिक प्रवृत्ति से रंजिश चलती है। उन्हीं ने उसको गोली मारी है, लेकिन वो इतना खौफजदा है कि वो उनका नाम नहीं बता रहा है। एसओ का कहना है कि मामला संदिग्ध लग रहा है। पुलिस पड़ताल कर रही है।