कानपुर (ब्यूरो)। वाराणसी से नई दिल्ली जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस को दरवाजे बंद होने के बावजूद खुले रहने का संदेश प्रसारित होने पर सेंट्रल स्टेशन पर रोकना 40 मिनट पड़ा। तकनीकी खामी दूर करने के बाद ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इससे यात्रियों को परेशानी हुई। वहीं, कोहरे के कारण श्रम शक्ति, शताब्दी, राजधानी समेत 77 ट्रेनें देरी से सेंट्रल स्टेशन पर आईं। वंदे भारत एक्सप्रेस शाम को सेंट्रल स्टेशन पहुंची।

ट्रेन पर यात्री चढ़े और उतरे। ट्रेन रवाना होने पर दरवाजे बंद हुए, लेकिन खुले रहने का संदेश प्रसारित होने लगा। इस पर चालक ने तत्काल नियंत्रण कक्ष को बताया। उप मुख्य यातायात प्रबंधक आशुतोष ङ्क्षसह के निर्देशन में तकनीकी टीम ने खामी दूर की। उन्होंने बताया, दरवाजे बंद होने का संदेश ठीक होने पर ट्रेन को रवाना किया गया। उधर, कोहरे के कारण प्रीमियम और विशेष ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों, उनके स्वजन की दिक्कतें शुक्रवार को भी कम नहीं हुईं।

रेलवे के पास इस समस्या का कोई हल नहीं होने से अभी कुछ दिन तक ऐसी ही स्थिति बने रहने के आसार हैं। भूख-प्यास से बेहाल यात्री प्लेटफार्म पर ट्रेन पहुंचते ही स्टालों व वेंडरों के पास पहुंच रहे हैं। लेटलतीफी के कारण कई के काम छूट रहे हैं। लगभग 3390 यात्रियों ने अपने टिकट रद करा पैसे वापस ले लिए।