कानपुर (ब्यूरो)। दावा स्मार्ट सिटी का और हालात चिडिय़ा घर जैसे। जी हां, शहर में हर तरह आवारा जानवरों का आतंक है। शहर का कोई भी हिस्सा इनसे अछूता नहीं है। बादशाहीनाका में गुरुवार देर रात घर लौट रही सीनियर सिटीजन महिला पर सांड़ ने हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। लोग शोर मचाते हुए लाठी डंडे लेकर दौड़े और किसी तरह उन्हें बचाकर उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजन खोजबीन करते हुए अस्पताल पहुंचे और उनकी पहचान की।

15 साल से खाना बनाती थीं
जवाहर नगर निवासी 62 साल की कविता तिवारी घंटाघर में गल्ला कारोबारी रसिक बिहारी के यहां करीब 15 साल से खाना बनाने जाती थी। उनके पति प्रमोद तिवारी का 25 साल पहले हादसे में निधन हो गया था। जबकि आयुषी सहित दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। उनकी चचेरी बहु प्रतीक्षा और प्रीती ने बताया कि रसिक बिहारी से उनके पारिवारिक संबंध थे। इसी वजह से कई बार मना करने के बावजूद वह खाना बनाने जाती थीं। परिजन जब मना करते तो कहतीं थी कि घर पर बैठकर क्या करेंगी।

सुबह परिजनों को हुई जानकारी
परिजनों ने बताया कि गुरुवार रात करीब दस बजे वह घंटाघर से लौट रही थीं। तभी बादशाहीनाका के पास सांड़ ने उन पर हमला करते हुए पटक दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। शोर सुनकर इलाकाई लोग और राहगीर ईंट पत्थर लेकर दौड़े और सांड़ को भगाया। बादशाहीनाका पुलिस को सूचना देकर उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनके चेहरे और नाक के पास टांके भी लगाए गए। देर रात तक उनके घर न लौटने पर परिजनों ने रसिक बिहारी को सूचना दी तो उन्होंने खोजबीन शुरू की। लोगों ने हादेस की जानकारी दी तो सभी उर्सला अस्पताल पहुंचे लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

इन इलाकों में सांड़ की धमाचौकड़ी
शहर में धमाचौकड़ी मचाते दो हजार से ज्यादा सांड़ों के कारण लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है। परमट, ग्वालटोली, गांधीनगर, बादशाही नाका, हरबंश मोहाल, अहिराना, सूटरगंज, लालबंगला, कल्याणपुर, इंदिरा नगर, सीसामऊ बाजार, रावतपुर गांव, बंबा रोड दर्शनपुरवा, लालबंगला, सिद्धनाथ मंदिर, मैनावती मार्ग, 13 ब्लाक सब्जी मंडी गोङ्क्षवद नगर समेत कई जगह सांड़ों का आतंक है। अब तक कई लोगों पर सांड़ हमला कर चुके है। बादशाही नाका में फरवरी 2023 को दस्ता जानवर पकडऩे गया था। यहां पर लोगों ने दस्ते पर हमला कर दिया था और अफसरों के साथ मारपीट की थी। इसके बाद कर्मचारियों ने बिना सुरक्षा के जाने से माना कर दिया था।

अब तक हुए घटनाएं
- परमट में सांड़ ने एक महिला को पटकर कर मार डाला था।
-हरबंश मोहाल में दोपहिया वाहन से टकराया सांड़, एक की मौत
-काकादेव में सांड़ों के हमले से एक रिक्शे वाले की मौत हो गई थी।
- गांधीनगर में सांड़ ने एक बच्चे को पटक दिया था, हाथ टूट गया था।

दो अस्थायी नंदी केंद्र में 12 सौ बंद
नगर निगम के पनकी में दो अस्थायी नंदी केंद्र में करीब 12 सौ नंदी बंद है। एक हजार को रखने की व्यवस्था कान्हा गोशाला जाजमऊ में की जा रही है। कान्हा गोशाला में दो हजार गायों को रखने के साथ ही नंदी केंद्र का भी निर्माण कराया जाएगा। धन शासन ने जारी कर दिया है।
बादशाही नाका में पिछले दिनों दस्ता जानवर पकडऩे गया था। दस्ते पर हमला हो गया था। सांड़ को रखने के लिए कान्हा जाजमऊ में केंद्र का निर्माण हो रहा है। शनिवार को टीम भेजकर सांड़ को पकड़ा जाएगा।
डा आरके निरंजन, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, नगर निगम