कानपुर(ब्यूरो)। नगर निगम सदन में आउट सोर्सिंग भर्ती में महिला कर्मचारियों को 33 परसेंट रिजर्वेशन के प्रस्ताव पर मुहर लगी। पीएम के महिला आरक्षण बिल का महापौर व पार्षदों ने स्वागत किया और इस बिल के तहत नगर निगम में भी इसे लागू करने का प्रस्ताव रखा गया। जो सर्वसम्मति से पास हो गया। इसके अलावा सदन में नगर निगम के अफसरों को नवरात्र तक पैच वर्क, रोड व स्ट्रीट लाइट ठीक करने का भी महापौर ने निर्देश दिया। इसको लेकर सदन में पार्षदों मांग की थी। सदन की कार्रवाई करीब एक घंटे चली और फिर बजट बिल पास होने के साथ समाप्त कर दिया गया।

नजर रखेगी मॉनीटरिंग कमेटी
नगर निगम सदन में बिलो टेंडर डालने पर हंगामा हुआ। सभी दलों के पार्षदों ने नगर निगम के चीफ इंजीनियर को घेरा। वहीं, म्यूनिसिपल बांड के तहत जलनिगम के सिटी में कराए गए काम को लेकर भी कांग्रेस पार्षद ने आपत्ति जताई। जिसके बाद महापौर प्रमिला पांडेय ने विकास कामों को लेकर मॉनीटरिंग कमेटी बनाने के निर्देश दे दिए। इस कमेटी में पार्षदों को भी जगह दी जाएगी।

म्यूनिसिपल बांड पर आपत्ति
दोपहर 2 बजे के बाद शुरू हुए सदन में कांग्रेस पार्षद दल के नेता हाजी सुहैल अहमद ने कहा कि पिछली बार सदन में बिल बिना किसी चर्चा के बजट पास कर दिया गया, यह न्याय संगत नहीं है। 100 करोड़ रुपये के म्यूनिसिपल बांड का पैसा जलनिगम को दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जलनिगम ने सिटी को पहले भी धोखा दिया। एक बार फिर जलनिगम से ही 100 करोड़ रुपये के सीवर और पेयजल काम कराए जाएंगे। जलनिगम ने पहले ही सिटी को फाउंटेन फ्री बना दिया। अब वह कह रहा है कि फीडरमेन लाइन फिर से बदलेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि पब्लिक से बटोरे गए 100 करोड़ रुपये एक बार फिर अधिकारी ठगने की फिराक में है। इसलिए जलनिगम की जगह नगर निगम सिटी में काम करे। इस दौरान उन्होंने सदन में ही पत्र के माध्यम से आपत्ति लगाई।

भर्ती में वसूली का आरोप
सर्वोदय नगर के पार्षद नीरज चतुर्वेदी ने कहा कि नगर निगम में महिला सफाई कर्मचारियों से भर्ती के नाम पर 40-40 हजार रुपये लिए जा रहे हैं। इस पर महापौर ने कहा कि किससे पूछकर महिलाएं पैसा दे रहीं हैं। नीरज चतुर्वेदी से कहा क्या आपने इसकी शिकायत हमसे की, यदि नहीं तो सदन में चिल्लाने का क्या मतलब है। महापौर ने कहा कि 26 अगस्त को लगे सदन में हर वार्ड को 3-3 सफाई कर्मचारी दिए गए। वह महिलाएं काम कर रही हैं या नहीं इसकी मॉनिटरिंग मैं खुद करूंगी। महापौर ने कहा कि भर्ती का जो खेल चल रहा है, मैं जब रजिस्टर लेकर हाजिरी लूंगी तब समझ में आएगा।


नगर स्वास्थ्य अधिकारी को फटकारा
पार्षद विकास जायसवाल ने कहा कि महापौर ने सफाई अभियान में नदारद रहने वाले सफाई कर्मचारियों पर कार्रवाई की। यह सराहनीय है, पर अभियान से नदारद रहने वाले अधिकारियों पर कब कार्रवाई होगी। इसपर महापौर ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी संध्या रानी से कहा कि मैडम आपके घर में निमंत्रण देने नहीं जाएंगे। इसलिए कार्रवाई के लिए तैयार रहें। उन्होंने कहा कि हमारे नगर निगम अस्पताल नहीं चल रहे, इसलिए चार-चार नगर स्वास्थ्य अधिकारी हमें नहीं चाहिए। आपके खिलाफ शासन को लिखकर दे दिया गया है।

हर वार्ड को 20-20 लाइट
नगर निगम सदन में पार्षदों ने मार्गप्रकाश की बदहाल हालत को भी उठाया। इस दौरान नवीन पंडित ने कहा कि सभी वार्डों में 20-20 नई लाइटें दी जाएं। इस पर महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा कि अधिकारियों से बात कर जल्द ही मांग पूरी की जाएगी।

मंदिरों के पास विशेष व्यवस्था
पार्षदों की मांग पर महापौर ने नगर आयुक्त से कहा कि सभी वार्डों में मंदिरों के आस-पास विशेष व्यवस्था की जाए। सफाई, पैचवर्क व लाइटों को दुरुस्त किया जाए। महापौर ने कहा कि 15 तारीख तक यह समस्या दूर कर ली जाए। नवरात्र से पहले पैच वर्क व स्ट्रीट लाइट की मरम्मत का काम पूरा करने के लिए कहा।

हाउस टैक्स समायोजन का मुद्दा उठा
किदवई नगर दक्षिण वार्ड में नायब मोहर्रिर के हाउस टैक्स के नाम पर दस लाख के घोटाले का मुद्दा भी सदन में उठा। पार्षद अवधेश गुप्ता ने कहा कि सैकड़ों लोगों से हाउस टैक्स के नाम से करीब दस लाख रुपये का गबन किया गया और पैसा नगर निगम के कोष में जमा नहीं किया गया। जबकि 81 लोगों ने नगर निगम के नायब मोहर्रिर को हाउस टैक्स के रूप में भुगतान कर दिया था। इस मामले की जांच नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त को दी थी, जांच में दोषी पाए गए नायब मोहर्रिर दीपक यादव को जांच में दोषी पाए जाने पर बर्खास्त कर दिया लेकिन लोगों के पैसों का अब तक समायोजन नहीं किया गया। सदन में मुद्दा गहराने पर महापौर ने नगर आयुक्त को आदेश दिया कि कर्मचारी की गलती की सजा लोगों को न दी जाए और उनके पैसों का समायोजन हाउस टैक्स में किया जाए, उस पैसों की वसूली बर्खास्त कर्मचारी से कानूनी कार्रवाई के तहत की जाए।

पार्कों को सुधारें, तभी बदलेगी तस्वीर
सदन में महापौर प्रमिला पांडेय ने पार्षदोंं से कहा कि वह अपने अपने एरिया में पार्को को सुधारने का काम करे तभी शहर स्वच्छ और सुंदर बन सकता है। इससे पूर्व गीता नगर के पार्षद धीरू त्रिपाठी ने कानपुर में वार्ड में 24 घंटे पानी की सप्लाई की योजना स्वीकृत हुई है। जिसमें 32 करोड़ रुपये से जोनल पंपिंग स्टेशन भी शुरू किया गया है। इस स्टेशन से गीता नगर के साथ-साथ रावतपुर एरिया में भी पानी की सप्लाई की जा रही है। अब पार्क में एक और जेएडपीएस नगर निगम लगा रहा है। जिसके चलते पूरा पार्क बर्बाद होने की स्थिति में है। इसके लिए नगर निगम ने एनओसी भी जारी कर दी। इस मुद्दे पर नगर आयुक्त ने एनओसी की बात से इंकार किया और दूसरा जेएडपीएस लगाने के लिए पार्षद से एरिया चिन्हित करने के लिए मदद भी मांगी है। वहीं महापौर ने कहा कि गीता नगर में लगे जोनल पंपिंग स्टेशन से रावतपुर सप्लाई हो रही है तो दूसरा जेएपीएस रावतपुर एरिया में भी लगाया जा सकता है। जिससे पार्क की सुंदरता भी खराब नहीं होगी।