-डोर टू डोर वेस्ट कलेक्शन हुई और बेहतर, अभी 69 गाडि़यां और आएंगी

- नगर विकास मंत्री-मेयर ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

LUCKNOW सभी जोन में डोर टू डोर वेस्ट कलेक्शन व्यवस्था बेहतर होने जा रही है। इसकी वजह यह है कि इस व्यवस्था को पटरी से उतार रही वेस्ट कलेक्शन गाडि़यों की कमी दूर होती नजर आ रही है। इसी कड़ी में बुधवार को नगर विकास विभाग की ओर से नगर निगम को 151 नई गाडि़यां मिली हैं, जिसके बाद 1 लाख 51 हजार घरों को वेस्ट कलेक्शन सुविधा मिलने लगेगी।

69 गाडि़यां और आएंगी

नगर विकास विभाग की ओर से अभी नगर निगम को 69 गाडि़यां और दी जाएंगी। इसके बाद अन्य 69 हजार घरों को भी इस सुविधा से जोड़ा जा सकेगा।

हरी झंडी दिखाकर रवाना

नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन के साथ मेयर संयुक्ता भाटिया ने लखनऊ नगर निगम सीमा के तहत डोर टू डोर वेस्ट कलेक्शन के लिए नगर विकास विभाग द्वारा नगर निगम को प्राप्त 151 वेस्ट कलेक्शन गाडि़यों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

ये हैं गाडि़यों की विशेषता

इन गाडि़यों की विशेषता यह है कि प्रत्येक वाहन में चार कंपार्टमेंट हैं, जिसमें सूखा, गीला, हज़ार्डस एवं सेनेटरी नैपकीन एकत्रित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त गाडि़यों में जागरूकता हेतु साधन जैसे पब्लिक एड्रेस सिस्टम उपलब्ध है तथा सभी गाडि़यों में जीपीएस लगा है।

वर्जन

स्वच्छता सर्वेक्षण में लखनऊ को तीन वषरें में 269वें स्थान से 12वें स्थान पर लेकर आई हूं। अब लखनऊ को प्रथम स्थान पर लाना है। इन गाडि़यों के आने के बाद शहर को और भी अधिक स्वच्छ बनाया जा सकेगा।

संयुक्ता भाटिया, मेयर

वेस्ट कलेक्शन के लिए कुल 220 गाडि़यां आनी हैं। जिसमें से 151 गाडि़यां मिल गई हैं। सभी गाडि़यों के आने के बाद करीब 2 लाख 20 हजार घरों को वेस्ट कलेक्शन की सुविधा मिलने लगेगी।

अजय कुमार द्विवेदी, नगर आयुक्त