- 8:30 बजे रात को विभूतिखंड में हुई गैंगवार

- 30 राउंड चली गोली

- 1 की मौत, 2 घायल

- .32 बोर और 9 एमएम पिस्टल से चली गोली

- 3 बदमाश एक बाइक पर थे सवार

- माफिया मुख्तार के साथी और जिला बदर अजित सिंह की हत्या, साथी मोहर सिंह घायल

- गैंगवार में हुई फायरिंग में जोमेटो डिलीवरी ब्यॉय के पैर में लगी गोली

- बाइक सवार तीन हमलावरों ने कठौता तिराहे के पास किया हमला

- दोनों तरफ से चली गोलियां, .32 बोर और 9 एमएम पिस्टल से चली गोली

LUCKNOW : राजधानी में वर्चस्व को लेकर गैंगवार में माफिया मुख्तार के करीबी और जिलाबदर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गैंगवार में हुई फायरिंग में एक साथी घायल हो गया जबकि वहां से गुजर रहे जोमेटो के डिलीवरी ब्वॉय के पैर में गोली लगने से वह भी घायल हो गया। कठौता चौराहे पर बुधवार रात 8.30 बजे पुलिस चौकी से महज दो सौ मीटर की दूरी पर बाइक सवार बदमाशों ने स्कार्पियो सवार लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में दोनों तरफ से फायरिंग हुई। बताया जा रहा है कि दोनों तरफ से करीबी 30 राउंड गोलियां चलीं। फायरिंग से पूरा इलाका थर्रा गया। राजधानी में 24 घंटे के अंदर ठाकुरगंज में प्रॉपर्टी विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि विभूतिखंड में ताबड़तोड़ फायरिंग ने कमिश्नरेट सिस्टम को हिला कर रख दिया।

गाड़ी से उतरते शुरू कर दी फायरिंग

विभूतिखंड के कठौता चौराहे के पास बुधवार रात 8.30 बजे काली स्कार्पियो आकर ठहरी। गाड़ी में करीब चार से पांच लोग सवार थे। सभी के नीचे उतरते ही पहले से घात लगाए बाइक सवार तीन बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाइक पर तीन बदमाश थे जबकि फायरिंग दो बदमाश कर रहे थे, तीसरा बाइक पर ही बैठा था। पुलिस को जांच में सीसीटीवी फुटेज भी मिली है, जिसमें बाइक सवार तीन बदमाश भागते हुए देखे गए हैं।

गैंगवार से उड़े पुलिस के होश

शहर के बिजी चौराहों पर गैंगवार की घटना से पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। क्षेत्रीय पुलिस समेत आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। गैंगवार में गोहना मोहम्मदाबाद मऊ निवासी पूर्व ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि अन्य दो को गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सूचना मिलने पर पुलिस कमिशनर डीके ठाकुर और जेसीपी क्राइम नीलाब्जा चौधरी भी लोहिया अस्पताल पहुंच गए। आरोपियों की धरपकड़ के लिए नाकाबंदी कर दी गई है। पुलिस हत्यारों की तलाश में जुटी है। गैंगवार की सूचना पर एसटीएफ के अफसरों ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी।

फायरिंग में एक की मौत तीन घायल

पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर ने बताया कि तीन अज्ञात बदमाशों ने अजीत सिंह और उसके साथी मोहर सिंह पर हमला बोल दिया। इस पर अजीत सिंह और उसके साथी मोहर सिंह ने भी बदमाशों पर फायरिंग की। इस दौरान अजीत सिंह की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका साथी मोहर सिंह घायल हो गया। फायरिंग की घटना के दौरान राहगीर जोमेटो के डिलीवरी ब्वॉय आकाश के पैर में भी गोली लगी। चर्चा यह भी है कि फायरिंग में एक और युवक घायल हुआ, लेकिन वह लोहिया हॉस्पिटल नहीं पहुंचा।

मऊ से था मृतक जिलाबदर

कमिशनर डीके ठाकुर ने बताया कि अजीत सिंह मूलरूप से मऊ का रहने वाला था। अजीत सिंह पर 18 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिसमें 5 मुकदमे हत्या के हैं। अजीत सिंह को 31 दिसंबर को जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर जिलाबदर किया गया था। इसके बाद से वह राजधानी में रह रहा था। यह भी चर्चा है कि वह गोमती नगर विस्तार स्थित राप्ती अपार्टमेंट में रह रहा था। कमिश्नर डीके ठाकुर ने बताया कि अन्य जानकारी के लिए मऊ पुलिस से संपर्क किया जा रहा है। साथ ही अन्य जानकारी जुटाई जा रही है, जिससे गैंगवार की सही वजह पता चल सके।

बाहुबली का एक और सदस्य हुआ ढेर

अजीत सिंह बाहुबली मुख्तार अंसारी की गैंग का सक्रिया सदस्य था। इससे पूर्व विकासनगर में पुष्पजीत, बागपत जेल में मुन्ना बजरंगी और गोमती नगर में तारिक की हत्या हुई थी। बताया जा रहा कि अजीत सिंह की पूर्व सांसद से पुरानी रंजिश भी है।

विधायक की हत्या के मामले में था गवाह

जानकारी के मुताबिक, अजीत सिंह मूलरूप से गोहना मोहम्मदाबाद जिला मऊ निवासी राधे प्रसाद का बेटा है। वह पूर्व में ब्लॉक प्रमुख रह चुका है। उसके साथ भदेड गांव मोहम्मदाबाद गोहना मऊ का रहने वाला मोहर सिंह घायल हुआ है। अजीत सिंह विधायक सिम्पू सिंह की हत्या में गवाह था। अजीत की आजमगढ़ जेल में बंद अखंड सिंह और कुनकुन सिंह से रंजिश बताई जा रही है। दोनों विधायक की हत्या के आरोपी और अजित मर्डर केस में गवाह भी था। पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है। एसटीएफ भी गैंगवार की घटना की जांच कर रही है।

मृतक का नाम अजीत सिंह है। वर्तमान में यह ब्लॉक प्रमुख नहीं है। गोली लगने से अजीत सिंह की मौत हो गई और उसका साथी मोहर घायल हो गया है। फायरिंग में एक राहगीर आकाश भी घायल हो गए। मृतक के खिलाफ 17 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिसमें पांच मर्डर के केस हैं। साथी से पूछताछ की जा रही है। दोनों तरफ से गोली चली है, करीब 25 से 30 राउंड गोली चली है। सीसीटीवी फुटेज में बाइक से तीन हमलावर कैद हुए हैं।

-डीके ठाकुरगंज, पुलिस कमिश्नर