लखनऊ (ब्यूरो)। मोहनलालगंज में जन्मदिन पार्टी में बीमार लोगों को सीएचसी में भर्ती कराया गया था। लेकिन, उसमें करीब 21 मरीज बिना बताये ही चले गये है। मामले की जानकारी होने के बाद उनकी खोजबीन शुरू हुई। जिसके बाद अस्पताल के अधीक्षक ने पुलिस को मामले की जानकारी देते हुए तहरीर दी है। इतना ही नहीं तहरीर में 11 कंबलों के गायब होने की बात कही गई है।

जन्मदिन की हुई थी पार्टी

सोमवार को गौरा में सनी रावत के एक वर्षीय बच्चे केशू के जन्मदिन की पार्टी थी। उसमें खाना खाने के बाद अब तक करीब 120 मरीजों की तबीयत बिगड़ चुकी है। इन मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। बुधवार को 19 मरीज लखनऊ रेफर किए गए थे। वहीं, बीती रात 21 मरीज बिना अस्पताल प्रशासन को सूचना दिए भाग गए। यही नहीं मरीज अस्पताल के कंबल तक उठाकर ले गए। सीएचसी प्रभारी ने मामले की शिकायत पुलिस से की है।

पुलिस में दी गई सूचना

सीएचसी अधीक्षक डॉप्त अशोक कुमार के मुताबिक सूचना मिलने पर पहले खोजबीन शुरू की गई, लेकिन उनको कोई पता नहीं चला। जिसके बाद मामले को लेकर पुलिस को तहरीर दी गई है। इसके बाद अस्पताल में कंबलों की गिनती की गई। जिसमें 11 कंबल कम पाए गए हैं। इसके अलावा एसडीएम हनुमान प्रसाद को पूरे मामले की रिपोर्ट भेजकर अवगत कराया गया है। ग्राम प्रधान को भी पूरी घटना से अवगत कराया गया है। बताया गया है कि मरीज तबीयत में सुधार के बाद घर चले गए हैं।

फूड प्वाइजनिंग के 20 मरीजों को मिली अस्पताल से छुट्टी

मोहनलालगंज में हुई एक बर्थडे पार्टी में खाना खाने के बाद बीमार हुए लोगों को सीएचसी, सिविल व बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, भर्ती मरीजों में ठीक होने पर सीएचसी से 20 और सिविल अस्पताल से 1 मरीज को डिस्चार्ज कर दिया गया है। हालांकि, एक और बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसे केजीएमयू में भर्ती कराया गया है।

तीन नए मरीज किए गए भर्ती

जनपद के मोहनलालगंज में दावत खाने के बाद 100 से अधिक लोगों की तबियत खराब हो गई थी। जिसमें करीब 65 से अधिक पीडि़तों को सीएचसी पर भर्ती कराया जा चुका। वहीं, गुरुवार को 22 मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य होने के बाद 5 दिन के ओरल मेडिकेशन पर डिस्चार्ज कर दिया गया। गुरुवार को तीन नए मरीज भर्ती किए गए हैं। सीएचसी में कुल 9 मरीज शेष है। जहां पर उनकी स्थिति सामान्य है। दूसरी ओर ग्राम गौरा में स्वास्थ्य टीम द्वारा लगातार भ्रमण कर निगरानी रखी जा रही है। क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य शिक्षा प्रदान करते हुए जागरूक किया जा रहा है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह से सामान्य है।

एक मरीज हुआ डिस्चार्ज

सिविल अस्पातल के सीएमएस डॉ। आरपी सिंह ने बताया कि उनके यहां एक मरीज की हालत में सुधार के बाद उसे डिस्चार्ज कर दिया गया। इस समय 14 मरीज भर्ती हैं, जबकि बलरामपुर अस्पताल में दो मरीज भर्ती हैं। सभी की हालत में पहले से काफी सुधार है।

बीमारी के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पानी का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। सभी को खानपान को लेकर विशेष एहतियात बरतने को कहा गया है। मेडिकल टीम मौके पर तैनात है।

-डॉ। मनोज अग्रवाल, सीएमओ