लखनऊ (ब्यूरो)। नगराम इलाके में 32 वर्षीय किसान शिव कुमार की हत्या कर दी गई। पतौना बख्तखेड़ा गांव के बाहर बुधवार सुबह नहर किनारे खाई में खून से लथपथ उसका शव मिला। मृतक के सिर पर गंभीर चोट थी और गले में मफलर कसा था। घटना से मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
महिला ने किया था फोन
मृतक की पत्नी पुष्पा के मुताबिक पति शिवकुमार (32) मंगलवार सुबह गांव के महेश गौतम, जीतू यादव, रोहित उर्फ टिल्लू के साथ हाफ डाले से जगनखेड़ा गांव से एक गाय खरीदकर लाए थे। शाम करीब 7 बजे उनके मोबाइल पर शिवपुरा गांव निवासी किसी महिला की कॉल आई थी। इसके बाद वे महेश गौतम, जीतू यादव, रोहित उर्फ टिल्लू के साथ बाहर चले गए थे। रात 8 बजे उसने पति को कॉल की तो उन्होंने बताया की वह मोहनलालगंज में हैं। जब देर रात तक वे वापस नहीं आए तो कई बार उन्हें फोन किया लेकिन फोन नहीं उठा। रात 12 बजे के बाद फोन उठा लेकिन कट गया।
गले में कसा था मफलर
बुधवार सुबह शिवकुमार का शव खून से लथपथ शव पतौना गांव के पास से गुजरी नहर किनारे पतौना नहर कोठी के पास मिला। गला मफलर से कसा था और सिर पर जख्म था और खून भी बह रहा था। शव देख लोगों ने परिजनों समेत नगराम पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची तो परिजनों ने हत्यारों की गिरफ्तारी तक शव उठाने से मना कर दिया। करीब तीन घंटे बाद एडीसीपी, एसीपी मौके पर पहुंचे और हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद शव को पुलिस ने पीएम के लिए भेजा।
तीन के खिलाफ दर्ज किया केस
मृतक की पत्नी ने पति के तीन साथियों समेत एक महिला पर आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पत्नी का आरोप है कि, मंगलवार शाम को महिला का कई बार फोन आने के बाद उसके पति घर से निकले थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

युवक को चाकू से गोदकर मार डाला
मडिय़ांव पल्टन छावनी इलाके में किराए पर रहने वाले आयुष्मान सिंह उर्फ जोया उर्फ शुभम (25) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। उसका शव बुधवार दोपहर कमरे में मिला। कमरे से बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी गई। एडीसीपी उत्तरी के मुताबिक हत्या करीब 48 घंटे पहले की गई है। चाकू से सिर व कलाई पर वार किया गया है। परिजनों ने साथ में किराए पर रहने वाले फैजान पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
किन्नरों के साथ ढोल बजाता था
एडीसीपी उत्तरी प्राची सिंह के मुताबिक राजाजीपुरम में संजीव कुमार सिंह परिवार संग रहते हैं। उनका बेटा आयुष्मान सिंह उर्फ शुभम उर्फ जोया किन्नरोंं संग रहकर ढोल बजाता था। वह पल्टन छावनी में किराए फैजान के साथ पर रहता था। बुधवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली की उसके कमरे से बदबू आ रही है। मौके पर जाकर मडिय़ांव इंस्पेक्टर वीर सिंह ने कमरा खोला तो अंदर आयुष्मान का शव पड़ा था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। वहीं मौके पर पहुंचे पिता संजीव कुमार सिंह ने फैजान पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस मामला दर्ज कर फैजान की तलाश कर रही है।
हत्या को आत्महत्या बनाने की थी साजिश
एडीसीपी उत्तरी के मुताबिक आयुष्मान की हत्या सोमवार रात करीब एक से दो के बीच हुई है। आयुष्मान की कलाई पर कटे के निशान थे। लेकिन सिर पर कई जगह चाकू के वार के निशान मिले हैं। पुलिस के मुताबिक वारदात को अंजाम देने के बाद इसे आत्महत्या साबित करने की साजिश की गई है। जिसके तहत उसके कलाई काटी गई है।
आपरेशन कराकर बना था किन्नर
पुलिस के मुताबिक आयुष्मान सिंह सामन्य युवक था। उसकी पहचान कुछ किन्नरों से हो गई थी। जिसके बाद उसने आपरेशन कराया और किन्नरों के गुट में शामिल हो गया। उसने परिवार से रिश्ता करीब खत्म कर लिया था। आयुष्मान की हत्या की सूचना पर मां व पिता मौके पर पहुंचे। पिता संजीव की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

लापता था युवक शव गोमती में मिला
हजरतगंज थाना क्षेत्र में गोमती नदी में बुधवार शाम लापता युवक का शव उतराता मिला। बालू अड्डे के पास शव देखकर लोगों की भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल की तो पास में ही एक बाइक खड़ी मिली। जिसके आधार पर शव की शिनाख्त की गई। मृतक के परिजनों ने फोन कर घर से बुलाने वाले युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस कॉल डिटेल के आधार पर फोन करने वाले युवक की जानकारी कर रही है।
नानी के घर जाने की बात कह कर निकला था
हजरतगंज इंस्पेक्टर श्याम बाबू के मुताबिक डालीबाग निवासी तय्यब 28 जनवरी को बालू अड्डा निवासी नानी के घर जाने की बात कह कर निकला था। देर रात तक वापस न आने और मोबाइल बंद होने पर परिजनों ने तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। बुधवार शाम उसका शव गोमती नदी में मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की है। घटनास्थल के पास ही मृतक की बाइक खड़ी मिली है। कॉल डिटेल, साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।