- ब्लाक प्रमुख चुनाव में चिनहट में निर्दलीय ने मारी बाजी

- गोसाईगंज और सरोजनीनगर में कार्यकर्ताओं में झड़प

LUCKNOW: आठ ब्लाक प्रमुख सीटों के लिए हुए शनिवार को हुए चुनाव में सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों ने सात सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं चिनहट में समाजवादी पार्टी से बगावत कर निर्दलीय प्रत्याशी बनीं उषा यादव ने सपा की ही शशि यादव को हराकर जीत हासिल की। वहीं चुनाव के दौरान गोसाईगंज और सरोजनीनगर में सपा और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झड़पें भी हुई। गोसाईगंज में तो पथराव के दौरान कार के शीशे भी तोड़ दिए गए।

11 बजे शुरू हुआ मतदान

ब्लाकों में शनिवार सुबह 11 बजे भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हुआ। इस बीच समाजवादी पार्टी के नेताओं ने प्रशासन पर भाजपा के साथ मिलकर पर गड़बड़ी करने का आरोप लगाया। भाजपा ने बख्शी का तालाब, माल, मलिहाबाद, काकोरी, सरोजनीनगर, मोहनलालगंज और गोसाईगंज ब्लाक में जीत दर्ज की है।

बाक्स

परिणाम एक नजर में

मलिहाबाद

भाजपा प्रत्याशी निर्मल वर्मा ने 76 वोट हासिल किए। वहीं समाजवादी पार्टी की विद्यावती को सिर्फ 7 वोट मिले।

माल

भाजपा उम्मीदवार रामदेवी को 68 वोट मिले, जबकि सपा की उमा रावत को 16 वोट मिले।

सरोजनीनगर

भाजपा के प्रत्याशी सुनील कुमार को 42 वोट मिले, जबकि सपा के दिलीप कुमार रावत को 22 मिले।

मोहनलालगंज

भाजपा के ओम प्रकाश शुक्ल को 58 वोट मिले, जबकि सपा के नवनीत सिंह 25 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहे।

काकोरी

भाजपा की नीतू यादव ने 33 वोट पाकर जीत दर्ज की। सपा की कमलेश यादव को 22 वोट मिले।

गोसाईगंज

यहां भाजपा और सपा समर्थकों के बीच तकरार के साथ मतदान शुरू हुआ। यहां भाजपा के विनय कुमार ने 63 मत हासिल किए और सपा के अनुज सिंह को 31 वोट मिले।

बख्शी का तालाब

भाजपा उम्मीदवार उषा सिंह को 87 वोट मिले, जबकि सपा की रेनू यादव को सिर्फ 13 वोट ही हासिल हो सके।

चिनहट

समाजवादी पार्टी से बगावत कर मैदान में आई उषा यादव ने 10 वोट हासिल किए। यहां सपा उम्मीदवार शशि यादव को 7 वोट ही मिले। इस सीट पर बागी से हारना सपा के लिए करारा झटका माना जा रहा है।