- डालीबाग में निष्क्रांत संपत्ति पर बना है सांसद अफजाल की पत्नी फरहत अंसारी का बंगला

- सांसद ने मांगी कुछ दिन की मोहलत, एलडीए में अब अगली सुनवाई 21 को

LUCKNOW

बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के भाई एवं गाजीपुर से सांसद अफजाल अंसारी सोमवार को परिवार के साथ लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष शिवाकांत द्विवेदी से मिलने पहुंचे। उन्होंने डालीबाग में पत्नी फरहत के नाम दर्ज मकान को बचाने की गुहार लगाई। अपना पक्ष रखकर कुछ और दिन की मोहलत मांगी।

सात दिन का समय

डालीबाग के गाटा संख्या 93 में दर्ज भूमि पर बना मकान निष्क्रांत भूमि के तहत आता है। इसलिए इसका नक्शा निरस्त होना है। उपाध्यक्ष ने सात दिन का समय दिया है। अब 21 सितंबर को अगली सुनवाई होगी।

अवैध निर्माण ढहाने की प्रक्रिया

एलडीए ने मुख्तार अंसारी की भाभी फरहत अंसारी के डालीबाग में सरकारी जमीन पर किए गए अवैध निर्माण को ढहाने की प्रक्रिया शुरू है। इसके पहले चरण में इस भवन का शमन मानचित्र निरस्त किया जाएगा। एलडीए ने एक सितंबर को इस बाबत फरहत अंसारी को नोटिस दिया था। उत्तर प्रदेश नगर विकास नगर योजना एवं विकास अधिनियम 1973 की धारा-15 के तहत ये नोटिस जारी किया गया था। इसमें किसी भी जारी मानचित्र को निरस्त किया जाता है। फरहत अंसारी को 14 दिन के भीतर एलडीए के वीसी के समक्ष जवाब देना था। नक्शा निरस्त होने के बाद एलडीए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करेगा।

पहले घर बना, 2007 में पास कराया नक्शा

डालीबाग में करीब आठ हजार वर्ग फीट में बना किलानुमा मकान पहले बिना नक्शा पास कराए बनवा लिया गया था। बनवाने के बाद रसूख और फर्जी कागजों के बल पर एलडीए से नक्शा पास करा लिया गया। ये कंपाउं¨डग मैप साल 2007 में पास कराया गया था। निर्माण कार्य पूरा होने पर कोई कार्रवाई न कर नक्शा पास कर दिया गया था। गाटा संख्या 93 का यह तीसरा निर्माण है, जिस पर अभी तक कार्रवाई नहीं की गई है। प्रशासन ने इस संपत्ति की खातेदारी भी निरस्त कर दी है।

करीब 40 मिनट चली सुनवाई

एलडीए उपाध्यक्ष ने इस मामले में करीब 40 मिनट तक सुनवाई की। सांसद अफजाल अंसारी ने बताया कि उन्होंने यह जमीन वैध तरीके से खरीदी थी। उस पर शमन मानचित्र भी पास कराया था। शत्रु संपत्ति होने की जानकारी उनको नहीं थी। इस बारे में एलडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि अफजाल अंसारी ने थोड़ी मोहलत मांगी है। इस पर सात दिन का समय दिया गया है। अगली सुनवाई 21 सितंबर को होगी।