- डॉक्टर्स कर्मचारियों पर कोरोना का अटैक, 310 नए शिकार

- सिविल में 11 और केजीएमयू में तीन संक्रमित

LUCKNOW :

राजधानी में कोरोना वायरस का कहर कम होने का नाम ही नहीं ले रहा है। बुधवार को केजीएमयू-सिविल अस्पताल के कई डॉक्टरों में वायरस की पुष्टि हुई। वहीं, तीन सौ से अधिक लोग गिरफ्त में आए हैं। शहर में पांच सौ से अधिक कंटेनमेंट जोन हैं। बुधवार को 310 लोगों में वायरस की पुष्टि हुई। यह मरीज इंदिरानगर, गोमती नगर, राजाजीपुरम, रायबरेली रोड, सुलतानपुर रोड, फैजाबाद रोड, कानपुर रोड के हैं। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी वायरस पहुंच बना रहा है।

तीन बार तीन सौ के पार

राजधानी में जुलाई में मरीजों का रिकॉर्ड टूट गया। कुल मरीजों की संख्या 4,727 हो गई है। इसमें जुलाई में 3,480 मरीज मिले। इस महीने तीन बार तीन सौ मरीज एक दिन में पाए गए।

सिविल में बाल रोग विशेषज्ञ समेत 11 संक्रमित

सिविल अस्पताल में बुधवार को कई कर्मी कोरोना की चपेट में आ गए। इसमें एक बाल रोग विशेषज्ञ, सात सफाईकर्मी, दो इलेक्ट्रीशियन, एक लिफ्ट मैन है। यह सफाई कर्मी आइसोलेशन वार्ड में ड्यूटी कर रहे थे। इनको वार्ड में भर्ती कर दिया गया है। वहीं डॉक्टर होम आइसोलेशन में चले गए हैं। चिकित्सा अधीक्षक डॉ। आशुतोष दुबे के मुताबिक, आइसोलेशन वार्ड को सैनिटाइज कर दिया गया है। नए मरीजों की भर्ती उसमें बंद कर दी गई है।

लिफ्ट मैन भी संक्रमित

लिफ्ट मैन में कोरोना मिलने से सिविल अस्पताल में अफरातफरी मच गई है। इसकी ड्यूटी के दौरान कई डॉक्टर, स्टाफ लिफ्ट में सवार हुए। यह अपने-अपने घर में गए हैं। ऐसे में सैकड़ों में संक्रमण का खतरा है। इसके अलावा मरीज भी लिफ्ट से ऊपरी तलों पर गए।

रेजीडेंट डॉक्टर, दो कर्मचारी पॉजिटिव

केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर में ड्यूटी कर रहे रेजीडेंट डॉक्टर व मेडिसिन विभाग के दो कर्मचारियों में वायरस की पुष्टि हुई है। रेजीडेंट के संपर्क में रहने वाले 10 अन्य जूनियर डॉक्टरों को क्वारंटाइन किया गया है। संक्रमित रेजीडेंट ने आर्थोपेडिक्स विभाग में 15 दिन पहले जूनियर रेजीडेंट के तौर पर ज्वॉइन किया है।