लखनऊ (ब्यूरो)। एक ओर जहां अयोध्याधाम में श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन हो रहा था, तो वहीं दूसरी ओर इस शुभ अवसर पर राजधानी के विभिन्न अस्पतालों में किलकारियां भी गूंजी। बेटों के जन्म पर जहां उन्हें राम, राघव आदि नाम दिए गए, तो बेटियों के नाम सीता, वैदेही आदि रखे गए। इस पुनीत अवसर पर बच्चे के जन्म में माताएं बेहद खुश नजर आ रही थीं।

आज के पावन दिन बेटे का जन्म हुआ है, इसलिए इसका नाम राघव रखा है। यह दिन हमारे लिए हमेशा के लिए यादगार बन गया है।

-ममता, मुंशीपुलिया

प्रभु रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के दिन पुत्र होने पर हम लोग बेहद खुश हैं। ऐसा लग रहा मानो स्वयं श्रीराम हमारे यहां आये हैं, इसलिए बच्चे का नाम श्रीराम रखा है।

-ममता वर्मा, राजाजीपुरम

आज के दिन पुत्री का जन्म हुआ है। मानों स्वयं मां सीता हमारे घर आई हैं, इसलिए बेटी का नाम जानकी रखा है। पूरा परिवार बेहद खुश है।

-पूनम, जानकीपुरम

प्रमुख अस्पतालों में गूंजी किलकारियां

राजधानी के क्वीन मेरी, डफरिन, झलकारीबाई, लोकबंधु, आरएलबी समेत अन्य अस्पतालों में सोमवार को कई बच्चों का जन्म हुआ। राजधानी के प्रमुख सरकारी अस्पतालों में करीब 49 बच्चों का जन्म हुआ, जिनमें 26 लड़कियां और 23 लड़कों का जन्म हुआ। हालांकि, अन्य सरकारी और निजी अस्पतालों का आंकड़ा जोड़ दें तो यह संख्या काफी ज्यादा हो सकती है।

राम और सीता नाम रखा गया

अस्पतालों में इस खास दिन जन्मे बच्चों का नामकरण भी राम और सीता पर किया गया। लड़कों के नाम जहां राम, राघव, रघुनंदन आदि रखे गए, तो वहीं लड़की का नामकरण सीता, वैदेही, जानकी, मैथिली आदि रखा गया।

यहां जन्मे इतने बच्चे

अस्पताल जन्म लड़का लड़की

क्वीन मेरी 17 8 9

डफरिन 12 4 8

झलकारीबाई 8 3 5

लोकबंधु 12 8 4

नोट - ये आंकड़े शाम 5 बजे तक के हैं।