- पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का शहर से था गहरा लगाव

- चौक की डिश थीं उनकी पहली पसंद, मेयर ने साझा कीं अपनी यादें

abhishekmishra@inext.co.in

LUCKNOW : पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को राजधानी के चौक एरिया की प्रमुख डिश चाट और मलाई मक्खन से खास लगाव था। वह जब भी किसी कार्यक्रम में शिरकत करने शहर आती थीं तो चाट और मलाई मक्खन का स्वाद लेना नहीं भूलती थीं। अगर कभी वह लंबे समय तक शहर नहीं आ पाती थी तो जब भी मेयर संयुक्ता भाटिया (तत्कालीन महिला मोर्चा अध्यक्ष) से मिलती थीं, तो सबसे पहले यही सवाल पूछती थी कि क्या आज भी चौक की चाट-मलाई मक्खन का वही स्वाद हैयह यादें खुद मेयर संयुक्ता भाटिया ने शेयर कीं।

मैं तो जरूर आऊंगी

मेयर संयुक्ता भाटिया ने यादें साझा करते हुए बताया कि बात उस समय की है, जब वह महिला मोर्चा की अध्यक्ष थीं। वह समय-समय पर शहर में महिलाओं के उत्थान व सुरक्षा को लेकर कार्यक्रम का आयोजन करती थीं, जिसमें पूर्व विदेश मंत्री को आमंत्रित किया जाता था। जैसे ही उन्हें निमंत्रण मिलता था, वह तुरंत कहती थीं कि मैं जरूर आऊंगी। वह हर कार्यक्रम में न सिर्फ शामिल होती थीं, बल्कि खुद ही मंच पर आकर महिलाओं की सुरक्षा व विकास से जुडे़ बिंदुओं पर प्रकाश डालती थीं।

कोई कमजोर न समझे

मेयर ने यह भी बताया कि अगर कोई भी व्यक्ति पूर्व विदेश मंत्री के सामने महिलाओं को कमजोर बताने का प्रयास करता था, तो वह खासी नाराज होती थीं। वह स्पष्ट कहती थीं कि महिला शक्ति से बड़ी कोई शक्ति नहीं है। देश के सर्वागीण विकास में महिला शक्ति का अभिन्न रोल है।

हर त्योहार को लेकर उत्सुकता

तीज के त्योहार की यादों पर रोशनी डालते हुए मेयर ने बताया कि तीज के मौके पर पूर्व विदेश मंत्री ने अपने दिल्ली आवास में कार्यक्रम का आयोजन किया था। जब वह कार्यक्रम में शामिल हुईं तो पूर्व विदेश मंत्री को देख वह खुद हैरान रह गईं। उन्होंने न सिर्फ तीज की तर्ज पर पारंपरिक परिधान पहने हुए थे बल्कि झूले में झूलते हुए हर पल को यादगार बना रहीं थी।

हम सबकी प्रेरणा स्त्रोत

मेयर ने कहा कि निश्चित रूप से वह हम सबकी प्रेरणा स्त्रोत हैं और हमेशा रहेंगी। महिलाओं को सुरक्षित माहौल देने के लिए नई योजनाओं का खाका तैयार किया जाएगा। मेयर ने यह भी घोषणा की है कि शहर के एक पार्क का नामकरण पूर्व विदेश मंत्री के नाम पर किया जाएगा।