-दफ्तर में पंखे से लटकता मिला शव

-एक शख्स को दिये थे साढ़े सात लाख रुपये, वापसी में कर रहा था ना-नुकुर

LUCKNOW: गोमतीनगर एरिया में एक कंस्ट्रक्शन कंपनी के कर्मचारी ने अपने दफ्तर में ही फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। गुरुवार दोपहर जब कंपनी के दूसरे कर्मचारी दफ्तर पहुंचे तो उसका शव फंदे से लटकता देखा। मृतक के पिता का कहना है कि एक शख्स को उनके बेटे ने साढ़े सात लाख रुपये दिये थे। मांगने पर भी वह उसे रुपये वापस नहीं कर रहा था। इसी बात से परेशान होकर उनके बेटे ने आत्महत्या कर ली। मृतक के पिता ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर भी दी है।

रात को नहीं लौटा घर

तालकटोरा के राजाजीपुरम निवासी संतोष कुमार पाल (फ्7) गोमतीनगर के विशालखंड स्थित जेके कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करता था। बुधवार को वह अपने घर से काम पर निकला था। पर, देररात तक घर वापस नहीं लौटा। रात होने पर परिवार वालों ने उसे तलाशना शुरू किया। पर, उसका कोई सुराग नहीं लग सका। गुरुवार की दोपहर जब कंपनी के दूसरे कर्मचारी दफ्तर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि संतोष का शव पंखे में लगे फंदे से लटक रहा था।

तनाव में था

जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसके परिवारीजनों को घटना की सूचना दी। परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस ने संतोष के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक संतोष के पिता बाबूलाल ने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले एक शख्स ने संतोष से 7.भ्0 लाख रुपये उधार लिये थे। तय मियाद के बाद भी जब उसने रकम वापस न की तो संतोष ने अपनी रकम का तगादा किया। बताया जाता है कि कई बार तगादे के बावजूद वह शख्स संतोष को रकम देने में ना-नुकुर कर रहा था। उधर, संतोष ने कुछ लोगों से रकम उधार भी ले रखी थी। जिसे वह वापस नहीं लौटा पा रहा था।