9 बजे सुबह खुल जाएगा हेल्पलाइन नंबर

6 बजे शाम तक ही खुलेगा हेल्पलाइन नंबर

- परिवहन निगम ने महिला यात्रियों के लिए शुरू की हेल्पलाइन

- महिला यात्री 8114277777 पर कर सकेंगी शिकायत और दे सकेंगी सुझाव

LUCKNOW:

रोडवेज बसों में महिला यात्री अब सफर के दौरान होने वाली दिक्कतों के साथ हेल्पलाइन दामिनी मोबाइल नंबर 8114277777 पर अपने सुझाव भी दे सकेंगी। सोमवार को दामिनी मोबाइल नंबर की शुरुआत हो गई है। हेल्पलाइन पर महिलाओं की समस्याओं को सुनने के लिए महिला अधिकारी तैनात रहेंगी। परिवहन निगम मुख्यालय में परिवहन मंत्री अशोक कटारिया ने इस हेल्पलाइन की शुरुआत की।

कमांड सेंटर पहुंचेंगी शिकायतें

परिवहन निगम एमडी डॉ। राजशेखर के अनुसार महिलाओं की समस्याओं को सुनने के लिए एक नई हेल्पलाइन की शुरुआत की गई है। इस हेल्पलाइन पर जो महिलाएं कॉल करेंगी, वह सीधे परिवहन निगम मुख्यालय स्थित कमांड सेंटर पहुंचेंगी। रोडवेज बसों में महिला यात्रियों के सफर को सुरक्षित बनाए जाने के लिए यह कदम उठाया गया है।

वीडियो कांफ्रेंसिंग से दी जानकारी

प्रदेश के सभी अधिकारियों को इसकी जानकारी वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से दे दी गई है। दामिनी हेल्प लाइन मोबाइन नंबर 8114277777 पर महिलाएं अपनी शिकायतें और सुझाव कॉल करने के साथ ही वाट्सएप पर भी भेज सकेंगी। हेल्पलाइन नंबर पर महिलाएं सुबह नौ बजे से शाम 6 बजे तक ही अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगी।

महिला कर्मी ही तैनात

महिलाओं के लिए शुरू की गई इस हेल्पलाइन पर महिलाएं अपनी बात कहने में किसी तरह का संकोच ना करें, इसके लिए महिला कर्मचारियों को ही तैनात किया गया है। हेल्पलाइन पर वाट्सएप भी चलता रहेगा। ऐसे में महिलाएं अपनी समस्याओं और सुझावों की फोटो भी खींच कर इस पर भेज सकेंगी। इससे पहले रोडवेज ने महिला यात्रियों के लिए पिंक बसों की शुरुआत की थी। इनमें महिला यात्री ही सफर कर सकते हैं। इस अवसर पर प्रमुख सचिव परिवहन राजेश कुमार सिंह, परिवहन आयुक्त धीरज साहू, एमडी डॉ। राज शेखर, अपर प्रबंध निदेशक परिवहन राधे श्याम आदि मौजूद रहे।

महिलाओं की समस्याओं को सुनने के लिए एक नई हेल्पलाइन की शुरुआत की गई है। इस हेल्पलाइन पर जो महिलाएं कॉल करेंगी, वह सीधे परिवहन निगम मुख्यालय स्थित कमांड सेंटर पहुंचेंगी।

डॉ। राज शेखर, एमडी, परिवहन निगम