- चंद्रोदय के बाद 24 मिनट में पूजन विशेष फलदाई

- चार नवंबर को मनाया जाएगा करवाचौथ का पर्व

LUCKNOW:

पति की लंबी उम्र की कामना के लिए करवाचौथ का निर्जला व्रत गुरुवार को सुहागिनें रखेंगी। करवाचौथ की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। खास बात यह है कि अबकी चांदी के करवा डिमांड पर बनवाए जा रहे हैं, वहीं ब्यूटी पार्लर में 4 नवंबर के लिए बुकिंग भी तेजी से चल रही है। ज्योतिषाचार्यो के अनुसार करवाचौथ के दिन चंद्रोदय रात 7:56 के बाद होगा।

पूजन के बाद करें व्रत का पारण

पं। प्रदीप तिवारी ने बताया कि पंचाग की गणना के अनुसार चंद्रोदय रात 7.56 बजे होगा। इसके बाद निर्जला व्रत रहने वाली महिलाएं चंद्र को अ‌र्घ्य देकर सुहाग की लंबी उम्र की मंगलकामना करेंगी। गौरी-गणेश का पूजन करने के बाद व्रत का पारण करना चाहिए। वैसे तो धातु के करवा का पूजन उत्तम माना गया है, लेकिन मिट्टी के करवा से भी पूजन किया जा सकता है।

ब्यूटी पार्लर में हो रही बुकिंग

करवाचौथ पर ब्यूटी पार्लर में कई ऑफर दिए जा रहे हैं। इंदिरा नगर स्थित एक ब्यूटी पार्लर की ओनर सिम्मी ने बताया कि इसबार बुकिंग थोड़ी कम है। ब्रशिंग, एचडी मेकअप की डिमांड अधिक है।

प्रोटोकॉल की कर रहे जानकारी

ऐशबाग स्थित एक ब्यूटी सेलून ओनर सुमन राय ने बताया कि इसबार बुकिंग काफी अच्छी है। हम पूरे प्रोटोकॉल के साथ काम कर रहे हैं। कस्टमर भी आने से पहले भीड़ न होने, प्रोटोकॉल आदि की जानकारी कर रहे हैं। रेडियंस क्लीनअप मेनीक्योर, ब्राइडल मेकअप आदि की डिमांड है।

मीनाकारी करवा की डिमांड

करवाचौथ को देखते हुए करवा के साथ उपहार देने के लिए ज्वेलरी बाजार में रौनक दिखने लगी है। लखनऊ सराफा एसोसिएशन के महामंत्री विनोद माहेश्वरी ने बताया कि इस बार चांदी के करवा की अच्छी डिमांड है। करवा की कई डिजायन जैसे मीनाकारी, कलरफुल और भारी व हल्की आदि आती हैं। इसके अलावा गंगा-जमुना पालिश के करवा भी मिल रहे हैैं। जिसमें आधी चांदी व आधा सोने का रंग चढ़ा होता है। चांदी के करवा की शुरुआत करीब चार हजार से शुरू हो रही है। जो साइज, वेट व डिजायन के अनुसार तय होती है। वहीं सोने का करवा केवल डिमांड पर ही तैयार किया जा रहा है।

चांदी में आया उछाल

कई ज्वेलर्स ने बताया कि इसबार चांदी का दाम करीब 62500 प्रति किलो हो गया है। लॉकडाउन से पहले चांदी की कीमत करीब 40 हजार के आसपास थी लेकिन, इसमें भी 23 हजार तक का उछाल देखने को मिला है। जिसकी वजह से करवा के दाम भी बढ़ गए हैं।

गिफ्ट की भी बढ़ी डिमांड

करवाचौथ पर वाइफ को गिफ्ट देने के लिए पुरुष भी खूब शॉपिंग कर रहे हैं। गिफ्ट में देने के लिए रिंग, झुमके ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं। जिनकी शुरुआती कीमत 8 हजार रुपए है।