- नहीं आते सफाई कर्मी, लगा रहता कूडे़ का अंबार, बहता रहता है सीवर का पानी

LUCKNOW :

राजधानी के पॉश इलाकों में शुमार गोमतीनगर के बेहननपुरवा में गंदगी की भरमार है। आलम यह है कि गंदी नालियां का पानी रोड पर बह रहा है। घरों के सामने कूड़ा महीनों से पड़ा है, लेकिन नगर निगम का ध्यान मानों इस तरफ नहीं जा रहा है। जिससे स्थानीय निवासियों में काफी रोष है।

नहीं आते सफाईकर्मी

गोमतीनगर का विभूतिखंड कॉमर्शियल एक्टिविटीज का हब बनता जा रहा है, यहां कार्पोरेट सेक्टर के साथ गवर्मेट ऑफिस की भरमार है, लेकिन यहां पर जनसुविधाओं की हालत काफी दयनीय है। जिससे यहां रह रहे करीब दो हजार लोग सीधे ्रप्रभावित हो रहे हैं। एरिया में सीवर चोक होने के बाद हफ्तों बहता रहता है, लेकिन सीवर को दुरुस्त करने न जलकल के कर्मचारी आते हैं और न ही नगर निगम के सफाई कर्मी। आलम यह है कि कूड़े के ढेर पर जानवर घूमते रहते हैं। इलाके में कई स्थल ऐसे हैं, जहां वर्षो हो गए क्षेत्रीय कार्पोरेटर गए ही नहीं। इससे लोगों में काफी रोष है। हालांकि इसकी शिकायत नगर निगम में कई बार की जा चुकी है, लेकिन अधिकारी फंड की कमी का रोना रोकर टरका देते हैं। यही नहीं कूड़ा उठाने के लिए तीन महीने पहले वेव सिनेमा के पास कर्मचारियों को स्थानीय निवासियों ने अपना हाल सुनाया था, लेकिन फिर भी मानो उनका दिल नहीं पसीजा।

हॉस्पिटल वार्ड के सामने कूड़े का अंबार

एरिया के राममनोहर लोहिया अस्पताल में रोजना मंत्री से लेकर अफसर तक आते हैं, लेकिन कूड़े के ढेर पर किसी की नजर नहीं पड़ती। प्राइवेट वार्ड के गेट के सामने कूड़ा कई हफ्तों से पड़ा है, कू ड़े के ढेर पर आवारा जानवरों को झुंड रहता है।

सीवरेज चोक होने से बढ़ी दिक्कत

बेहननपुरवा में अधिकतर समस्याएं बनी रहने का कारण इसे नगर निगम को हैंडओवर न करना है। क्षेत्र में सीवर चोक होने से बह रहा है, लंबे समय तक सीवर चोक को ठीक न करने से समस्या बढ़ गयी हैं। सीवरेज वाटर से लोगों में बीमारी फैलने का डर बना हुआ है। बीते पांच वर्षो से हैंडओवर करने की वार्ता चल रही है, लेकिन विभागों के आपसी विवाद के चलते इलाके की गणित खराब हो रही है। हालांकि नगर निगम के कार्पोरेटर ने सफाई कराने का वादा किया, लेकिन पूरा अभी तक नहीं किया।

सुनाया दर्द

घरों के सामने कू ड़ा पड़ा है, कूड़ा उठाने के लिए कई बार शिकायत की। शिकायत के बाद भी नहीं हटाया गया।

- अनवर अली

यहां कोई अधिकारी सफाई कर्मी नहीं आता है। केवल वीआईपी मूवमेंट के दौरान ही सफाई कराते हैं। आलम यह है कि अस्पताल व सड़क के किनारे कूड़ा पड़े होने के बाद भी नहीं हटाया गया।

- मयंक, विभूतिखंड

सीवर का गंदा पानी सड़क पर बहते हफ्तों बीत जाते हैं, लेकिन शिकायत के बाद भी चोक को दुरुस्त करने अधिकारी नहीं आते हैं, जबकि गंदे पानी से लोगों में बीमारी फै लने की समस्या बढ़ जाती है। गंदगी से उबारने के लिए कठोर निर्णय की जरूरत है।

- सलीम अहमद, बेहननपुरवा

क्षेत्र में सफाई न करने की समस्या तो थी ही, लेकिन कुछ लोग तो तालाब पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन विभागों ने जमीन के कब्जों को हटाने को इंट्रेस्ट नहीं दिखाया

- मोहित यादव, बेननपुरवा

क्षेत्र एलडीए के अंडर में आता है। एलडीए ने नगर निगम को हैंडओवर नहीं किया, जिससे सफाई करने में दिक्कतें होती हैं। कांट्रैक्ट पर सफाई कर्मी क्षेत्र में सफाई करते हैं, लेकिन यह रेगुलर सफाई नहीं करते हैं। इसके निदान के लिए एक नाला निकलवा रहा हूं, जिससे समस्या हल हो जाएगी।

- अवधेश मिश्रा, पार्षद पति, गोमतीनगर वार्ड

विभूतिखंड का क्षेत्र नगर निगम को हैंडओवर नहीं है, इसकी सफाई और सीवरेज दुरुस्त करने का कार्य एलडीए करता हैं। इसके बाद भी कार्पोरेटर के कहने पर सफाई कराई जाती है।

- नंदलाल सिंह, अपर नगर आयुक्त, नगर निगम