- लोग हाइटेक तरीके से इफ्तार-सहरी से लेकर अन्य जरूरी जानकारियां ऑनलाइन पता कर रहे

LUCKNOW:

लॉकडाउन के बीच मुस्लिम समुदाय के लोग रमजान के दौरान रोजा रख रहे हैं। मस्जिदें बंद होने से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, ऐसे में डिजिटल इंडिया रोजेदारों के काफी काम आ रहा है। जहां लोग हाइटेक तरीके से इफ्तार-सहरी से लेकर अन्य जरूरी जानकारियां ऑनलाइन पता कर रहे हैं। कई मुस्लिम धर्मगुरुओं ने सोशल मीडिया का सहारा लेते हुये कुरान तिलावत का लाइव प्रसारण शुरू किया है। वहीं मोबाइल एप भी लोगों की मदद कर रहे है।

एप बन रहे मददगार

एंड्रायड और आईओएस प्लेटफॉर्म पर कई ऐसे एप हैं जो लोगों को सहरी-इफ्तार की टाइमिंग से अपडेट करा रहे हैं। इसके साथ इनमें अलार्म लगाने की भी सुविधा है, ताकि समय पर लोग अपना काम कर सकें। इतना ही नहीं कई एप तो दिन में कितनी बार नमाज, कब और कैसे पढ़नी है इसकी भी जानकारी दे रहे हैं, क्योंकि मस्जिदों में कई जगहों पर अजान नहीं हो रही है। अब प्रेयर टाइम साइलेंसर, किबला कम्पास, इस्लामिक कैलेंडर जैसे एप से जानकारी आसानी से मिल रही है।

एफबी पर लाइव कुरान

इस बार लोग घरों पर ही इबादत कर रहे हैं। इसे देखते हुये मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली की ओर से रात 8 से 9 बजे तक एफबी पर लाइव दो पारे की कुरान तिलावत की जा रही है। जिसे रोजेदार मोबाइल या लैपटॉप से घरों में रहकर कुरान पाक को सुनकर दुआ मांग सकते हैं। इसके साथ उसके मायने और मतलब भी बताए जा रहे हैं।

ऑनलाइन कर रहे चर्चा

कुरान और हदीस की आयतों पर ऑनलाइन चर्चा भी की जा रही है। वकील अखलाख जूम एप और वाट्सएप से डेली एक हदीस और एक कुरान की आयत पर चर्चा करते हैं। जिसमें 15-20 लोग शामिल होते हैं। यह चर्चा डेली सुबह 10.11 तक चलती है।

ऑनलाइन का फायदा

- इफ्तार-सहरी की टाइमिंग पर रिंगटोन

- नमाज के लिए अलर्ट

- एप से आयतों पर चर्चा

- सोशल मीडिया पर कुरान की तिलावत

- इस्लामिक कैलेंडर की सुविधा