लखनऊ (ब्यूरो)। आस्था, समर्पण और विश्वास का पर्व करवाचौथ राजधानी में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सुहागिनों ने पति की लंबी आयु की कामना करते हुए गुुरुवार को करवाचौथ का निर्जला व्रत पूरे विधि-विधान से रखा। सूर्योदय से पहले सरगी खाकर व्रत की शुरुआत की। वहीं, दिन चढऩे के साथ महिलाएं करवाचौथ के पूजन के लिए पूजन सामग्री खरीदते हुए भी महिलाएं नजर आईं। रात को जैसे ही चांद निकला, महिलाओं ने चांद की पूजा कर पति की दीर्घायु की कामना की और गौरी-गणेश की पूजा करने के बाद चांद को अघ्र्य देकर व्रत का पारण किया। इस दौरान कई जगहों पर जमकर आतिशबाजी भी की गई।

चांद को दिया अर्घ्य

करवाचौथ को लेकर राजधानी में महिलाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इस व्रत की शुरुआत सूर्योदय से पहले सरगी खाने के साथ शुरू हुई। महिलाएं पूरे दिन निर्जला व्रत रहीं और शाम को सुहागन के लिबास में तैयार हुईं। जैसे ही रात को चांद निकलने का समय हुआ व्रती महिलाएं पूजा की तैयारियों में लगी गईं। वहीं ऑफिस से देर शाम लौटे पतियों ने पत्नियों को करवाचौथ पर आकर्षक गिफ्ट भी दिए। जिसके बाद करवाचौथ की पूजा पूरे विधि-विधान के साथ करते हुए कथा का श्रवण किया। महिलाओं ने करवा में पानी भर चांद को अघ्र्य दिया और छलनी से चांद के दीदार करने के बाद पति को देख लंबी उम्र की कामना की और घर-परिवार के बड़े बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया। इस पल को यादगार बनाने के लिए फोटो और सेल्फी का भी खूब दौर चला।

देर शाम तक चलती रही तैयारी

वहीं करवाचौथ वाले दिन मार्केट में भी देर शाम तक रौनक बनी रही। एक ओर खरीदारी का सिलसिला चलता रहा तो दूसरी ओर मेहंदी के स्टाल पर भी महिलाओं की भारी भीड़ देखने को मिली। वहीं, ब्यूटी पार्लर से तैयार होकर महिलाएं घरों को पूजन के लिए निकलती हुई नजर आई। हर किसी के चेहरे पर पर्व की रौनक साफ देखी जा सकती थी।

मिलकर मनाया करवाचौथ

कई सोसाइटी व संयुक्त परिवारों में महिलाओं ने सामूहिक रूप से करवाचौथ का पूजन किया, इस दौरान करवा बदलने की रस्म भी निभाई गई। चांद निकलते ही सभी महिलाओं ने एक दूसरे को बधाई दी। जिन महिलाओं के पति दूसरे शहरों में हैं, उन्होंने वीडियो कॉल के माध्यम से व्रत का पारण किया।