लखनऊ (ब्यूरो)। बार में बिना परमिशन बार बालाओं का डांस कराना बार मैनेजर व आयोजक को महंगा पड़ गया। इस डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर दैनिक जागरण आई नेक्स्ट ने रियलिटी चेक कर खुलासा किया था। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने मंगलवार शाम कृष्णा नगर थाना में द टिप्सी ट्रंक बार के मैनेजर व बार बालाओं का डांस आयोजित कराने वाले के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दारोगा की तहरीर पर केस दर्ज

कृष्णा नगर के फिनिक्स मॉल के पास एलडीए कॉलोनी स्थित द टिप्सी ट्रंक बार में 8 मई को एक पार्टी का आयोजन किया गया। इस पार्टी में बार बालाओं का डांस प्रोग्राम भी हुआ। यह आयोजन बिना परमिशन हुआ था। 10 मई को दैनिक जागरण आई नेक्स्ट ने इस खबर को प्रकाशित किया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर के निर्देश पर कृष्णा नगर पुलिस ने बार मैनेजर कपिल वर्मा व अश्लील प्रोग्राम आयोजित करने वाले अंकित सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है। कृष्णा नगर में तैनात दारोगा संतोष कुमार गौड़ की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।

किस धारा में दर्ज हुआ केस

धारा 294 आईपीसी-अश्लील कार्य और गाने। किसी भी सार्वजनिक स्थान या उसके आस पास कोई अश्लील गाना, कथागीत या शब्द गाता या बोलता है तो उसे किसी एक अवधि के लिए कारावास जिसे तीन महीने तक बढ़ाया जा सकता है, या आर्थिक दंड, या दोनों से दंडित किया जाएगा।

डीजीपी हेड क्वार्टर ने भी लिया संज्ञान

विभूतिखंड स्थित समिट बिल्डिंग में करीब 8 से 10 बार हैं। इनमें रोजाना छेड़छाड़ व नशे में हंगामे की खबरें आती हैं। बीते दिन भी बूम बार में दर्जनों युवक-युवतियों के बीच झगड़ा हुआ था। वहीं, एक अन्य बार में डांस करने का वीडियो वायरल होने के बाद मामला और गर्म हो गया है। दोनों ही मामलों में लखनऊ पुलिस की उदासीनता के बाद डीजीपी मुख्यालय ने लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट से रिपोर्ट तलब की है। एडीजी लॉ एंड आर्डर प्रशांत कुमार ने निर्देश दिए हैं कि देर रात तक चलने वाले बार में हंगामा न हो इसके लिए संबंधित विभागों से बातचीत कर बीच का रास्ता निकाला जाए। साथ ही, जिन बार में मारपीट हो रही है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

कब-कब हुआ बवाल

31 जनवरी 2021

माय बार में दो पक्षों के बीच विवाद होने पर जमकर मारपीट हुई। एक लड़के ने दो लड़कियों को पीट दिया था। जिसमें एफआईआर हुई और सभी बार बंद करा दिए गए थे।

31 दिसंबर 2021

नाइट पार्टी पर रोक के बावजूद समिट बिल्डिंग में शराब के नशे में धुत युवक युवतियों ने हंगामा किया तो पुलिस ने भगा दिया था।

21 जनवरी 2022

समिट बिल्डिंग के बाहर रोड पर पहले मारपीट हुई और उसके बाद अर्धनग्न अवस्था मे एक लड़की दौड़ते हुए दिखी थी।

29 जनवरी 2022

कैफे बार में शराब पीकर टेबल में बैठने को लेकर विवाद हुआ था। इस मामले में एफआईआर भी दर्ज हुई थी।

20 अप्रैल 2022

लॉर्ड ऑफ ड्रिंक्स में नशे की हालत में आए बाउंसर्स को जब रोका गया तो उसने मैनजर की पिटाई कर दी थी। केस दर्ज नहीं हुआ था।