लखनऊ (ब्यूरो)। राजधानी में गणेश उत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। सभी विघ्नहर्ता की आराधना में लीन है। घरों से लेकर पंडालों तक में भक्त अपने आराध्य के पूजन-अर्चन में मग्न हैं। लोग परिवार समेत पंडालों में गजानन के दर्शनों के लिए देर शाम तक आ रहे हैं। वहीं, शुक्रवार को कई जगहों पर गणपति प्रतिमा का विसर्जन भी किया गया।

भजनों पर झूमे भक्त

राजधानी में गणपति पंडालों में रौनक देखते ही बन रही है। गुलाब वाटिका अलीगंज में चल रहे अलीगंज का राजा गणेश उत्सव में शुक्रवार को सुबह भगवान गणेश की पूजा अर्चना के बाद शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम में भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन गायक अनुराग रोशन ने बप्पा के दरबार में भजनों की गंगा बहाई। उन्होंने आओ पधारो श्री गणेश जी, मेरे अंगना पधारो, देवा हो देवा सुनाकर भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

कृष्ण लीला का मंचन

श्री गणेश उत्सव मंडल चौक में शाम की आरती के दौरान विधायक डॉ। नीरज बोरा, राजेंद्र अग्रवाल, अमरनाथ मिश्र आदि मौजूद रहे। इस दौरान कृष्ण लीला का मंचन किया गया। जिसने वहां मौजूद भक्तों को श्री कृष्ण के विभिन्न रूपों के दर्शन कराए।

गणपति का हुआ दुधाभिषेक

लाटूश रोड स्थित शिवाजी मार्ग में श्री श्री गणेश पूजा महोत्सव में गौ रक्षा का संकल्प भक्तों को दिलाया जा रहा है। वहीं, गणपति महाराज का दूधाभिषेक पंचामित्र से मंत्रोच्चारण के साथ किया गया। शाम को महिला संगीत, महाआरती में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। वहीं, श्री शुभ संस्कार समिति द्वारा भक्तों से एकदंत स्त्रोत का पाठ कराया गया। छह परिवारों द्वारा गणपति का पूजन किया गया।

गणपति का हुआ विसर्जन

गणेश उत्सव के तीसरे दिन भक्तों ने घरों में विराजे गणपति की प्रतिमाओं का विसर्जन किया। इस दौरान गणपति को हाथों में लिए अबीर-गुलाल उड़ाते और ढोल-ताशों पर नाचते हुए श्री गणेश को विदा करने आए। झूलेलाल वाटिका स्थित बने गणेश विसर्जन स्थल पर प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इस दौरान भक्तों की आंखें भी नम हो गईं। विसर्जन के लिए निगम द्वारा यहां पर विशेष तौर पर गड्ढा बनाया गया था। इस दौरान सुरक्षा के पूरे इंतजाम थे।