- 75 से 80 पिंक टॉयलेट की मिलेगी सुविधा

- पिछले साल भी निगम की ओर से बनाई गई थी योजना

- पिंक टॉयलेट की सुविधा को स्मार्ट सिटी से कनेक्ट किया गया

- पिंक टॉयलेट संबंधी साइन बोर्ड भी लगाए जाएंगे

- मार्केट एरिया समेत सभी प्रमुख स्थानों पर स्थापित किए जाएंगे पिंक टॉयलेट

- पूरे शहर में करीब 75 से 80 पिंक टॉयलेट की मिलेगी सुविधा

LUCKNOW

शहर को स्मार्ट बनाने की दिशा में महिलाओं (आधी आबादी) की सुविधा पर खासा फोकस किया जा रहा है। इसी कड़ी में मार्केट एरिया से लेकर प्रमुख स्थानों पर पिंक टॉयलेट की स्थापना की जाएगी। जिससे आधी आबादी को शर्मिदगी का सामना न करना पड़े।

अभी स्थिति खराब

शहर का कोई भी मार्केट एरिया हो या फिर प्रमुख प्लेस, महिलाओं के लिए कहीं भी प्रॉपर टॉयलेट की फैसिलिटी नहीं है। जिससे कई बार महिलाओं को असहजता का सामना करना पड़ता है।

कई बार बनी योजना

शहर में पिंक टॉयलेट बनाने को लेकर कई बार योजनाएं बनीं। पिछले साल भी निगम प्रशासन की ओर से पिंक टॉयलेट को लेकर योजना बनाई गई थी लेकिन अभी तक ये योजना रफ्तार नहीं पकड़ सकी। जिसकी वजह से महिलाओं को सुविधा नहीं मिली।

स्मार्ट सिटी से कनेक्ट

अब पिंक टॉयलेट की सुविधा को स्मार्ट सिटी से कनेक्ट कर दिया गया है। जिससे पिंक टॉयलेट को स्थापित करने में बजट की कोई कमी न आए। स्मार्ट सिटी के अंतर्गत जो एक्शन प्लान बनाया गया है, उससे साफ है कि मार्केट एरिया के साथ प्रमुख स्थानों पर करीब 75 से 80 पिंक टॉयलेट बनाए जाएंगे। जिससे महिलाओं को सुविधा मिल सके।

स्थान हो रहे चिन्हित

स्मार्ट सिटी अंतर्गत ऐसे प्वाइंट चिन्हित किए जा रहे हैं, जहां पर महिलाओं की भीड़ रहती है। इसके साथ ही बस अड्डों, रेलवे स्टेशन के साथ-साथ मेट्रो स्टेशंस के आसपास भी पिंक टॉयलेट बनाए जाएंगे।

लगाए जाएंगे साइन बोर्ड

महिलाओं को पिंक टॉयलेट के बारे में जानकारी मिल सके, इसके लिए जगह-जगह पर पिंक टॉयलेट संबंधी साइन बोर्ड भी लगाए जाएंगे। इसके साथ ही टॉयलेट की लोकेशन भी स्मार्ट सिटी एप से इंटीग्रेट की जाएगी। जिससे कोई भी महिला अपने मोबाइल से ही यह जान सकेगी कि वह जहां मौजूद है, वहां से पिंक टॉयलेट की कितनी दूरी है।

महिलाओं का फीडबैक

पिंक टॉयलेट में सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए महिलाओं का फीडबैक भी लिया जाएगा। महिलाओं की ओर से दिए जाने वाले सुझावों के आधार पर पिंक टॉयलेट में हाईटेक सुविधाएं भी डेवलप की जाएंगी। इसके साथ ही कोई भी प्रॉब्लम होने पर हेल्प बटन की भी सुविधा रहेगी।

अभी दो से तीन प्वाइंट पर ही

वर्तमान समय की बात की जाए तो अभी तीन से चार प्वाइंट पर ही पिंक टॉयलेट की सुविधा उपलब्ध है। पिंक टॉयलेट के आसपास ही बेबी फीडिंग कक्ष भी बनाए जाने का प्रस्ताव बनाया गया है। अगर कहीं स्थान नहीं मिलेगा तो पिंक टॉयलेट के ऊपर ही फीडिंग रूम की व्यवस्था की जाएगी।

मार्केट एरिया से लेकर प्रमुख स्थानों पर पिंक टॉयलेट की सुविधा दी जाएगी। इस बाबत कार्य योजना तैयार की जा चुकी है।

डॉ। इंद्रमणि त्रिपाठी, सीईओ, स्मार्ट सिटी