लखनऊ (ब्यूरो)। हुक्का बार पर हाईकोर्ट ने पाबंदी लगा रखी है। इसके बावजूद शहर में धड़ल्ले से हुक्का बार चल रहे हैं। टीनएजर्स व यंगस्टर्स हुक्के के लती बनते जा रहे हैं। पश्चिम व उत्तरी सर्किल में सबसे ज्यादा हुक्का बार संचालित हो रहे थे। पर पुलिस ने सात दिन के भीतर 13 हुक्का बार पर शिकंजा कसा और 16 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। इसके बाद भी बीबीडी इलाके में अभी भी धड़ल्ले से चल रहा हुक्का बार।

बीबीडी इलाके में चल रहे हुक्का बार

बीबीडी स्थित गोयल प्लाजा व सावित्री हॉस्पिटल के पास रिहायशी इलाके में हुक्का बार चल रहा है। बाहर से गेट आम लोगों के लिए बंद रहता है। फिक्स कस्टमर्स ही अंदर जा सकते हैं। दो बार पुलिस ने यहां छापेमारी की लेकिन पीछे के रास्ते से हुक्का व हुक्का पीने वालों को निकाल दिया गया। पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा।

रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहा हुक्का बार

पश्चिम समेत कई इलाकों में रेस्टोरेंट की आड़ में हुक्का बार चल रहे हैं। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही हुक्का हटा दिया जाता है जिसके चलते पुलिस कार्रवाई नहीं कर पाती। कुछ लोगों का कहना है कि पुलिस की मिलीभगत से भी कई इलाकों में हुक्का बार धड़ल्ले से चल रहे हैं।

इन फ्लेवर के जरिए बना रहे नशे का लती

हुक्का बार में लेमन, सेलमॉन, ग्रीन मिंट, पाइन एप्पल, कॉकटेल, रोज, पान मसाला, मैंगो जैसे कई फ्लेवर्स मिलते है। तंबाकू में मिंट का अतिरिक्त फ्लेवर मिलाया जाता है। इसके अलावा मीठे और कसैले स्वाद का आनंद लेने वाले लड़के लड़कियों के लिए तंबाकू में फलों का फ्लेवर मिलाया जाता है। हुक्के में ठंडे और गर्म का एक साथ एहसास दिलाने के लिए दो फ्लेवरों का मिश्रण कर उसका कश लिया जाता है। रोमांटिक मूड बनाने के लिए आडू या संतरे के फ्लेवर वाली तंबाकू हुक्के में डालकर उसका कश लिया जाता है।

हाईकोर्ट ने लगाई थी हुक्का बार पर पाबंदी

हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश में चल रहे हुक्का बार पर रोक लगा दी है। साथ ही आदेश जारी किया कि किसी भी रेस्टोरेंट या कैफे को हुक्का बार चलाने की अनुमति न दी जाए। सितंबर 2020 को खंडपीठ ने ये आदेश लखनऊ यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट की जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए दिया था।

सआदतगंज में एक मकान में चल रहा था हुक्का बार

सआदतगंज इलाके में बर्तन की दुकान के पीछे मकान में हुक्का बार चल रहा था। स्थानीय लोगों की शिकायत पर पुलिस ने छोटा चौराहे पर गुरुवार को छापेमारी की। वहां कम उम्र के लड़के लड़कियों को लाइसेंस का झांसा देकर हुक्का के जरिए नशे का लती बनाया जा रहा था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने चार युवकों को मौके पर हुक्का पीते पकड़ा। पुलिस ने सआदतगंज निवासी अमन जायसवाल (24), विशाल जायसवाल (21), बाजार खाला निवासी गौरव कनौजिया (19) और अंकित यादव (19) को मौके से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पांच हुक्का मय चिलम के तीन चिमटी व एक फ्लेवर का पैकेट भी बरामद किया है।

हुक्का बार पर अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। गुरुवार को सआदतगंज में हुक्का बार पकड़ा गया। इससे पहले अलीगंज समेत कई इलाकों में कार्रवाई की है। 24 अगस्त से अब तक 13 हुक्का बार के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

-अपर्णा रजत कौशिक, डीसीपी सेंट्रल