लखनऊ (ब्यूरो)। बलरामपुर अस्पताल के फीजीशियन डॉ विष्णु कुमार ने बताया कि ओपीडी में पेट दर्द की समस्या वाले मरीजों की संख्या इन दिनों अधिक है। इसमें गैस और इनडाइजेशन वाले मरीज ज्यादा हैं। रोज 20 के करीब मरीज ऐसे ओपीडी में आ रहे हैं। सर्दी के मौसम में पेट की समस्या ज्यादा होती है। क्षमता से अधिक खाना खा लेना इसका एक बड़ा कारण है। इससे बचने के लिए मौसमी फलों और सब्जियों को अपने आहार में शामिल करें।


रात में दही का सेवन न करें
वहीं, लोहिया संस्थान के आयुष ओपीडी के डॉ। आयुष पांडे ने बताया कि सर्दी में दही का सेवन कर सकते हैं लेकिन रात को इसके सेवन से बचना चाहिए। आजकल शादियों का सीजन चल रहा है। ऐसे में खुले में रखा ठंडा रायता आपकी तबियत खराब कर सकता है।


दही बढ़ा देता है कफ
डॉ आयुष पांडे ने बताया कि दही का सेवन रात में करने से कफ बढ़ जाता है और लोग खरास, खांसी, टांसिल्स, फीवर, अपच आदि का शिकार हो जाते हैं। दही-मट्ठे का सेवन करना सेहत के लिए ठीक है लेकिन इसे दिन में ही खाएं। इस दौरान इसका पूरी तरह ध्यान रखें कि यह ठंडा न हो। सर्दी के सीजन में दही का सेवन अगर बथुए के साथ किया जाए तो इसके शरीर पर अच्छे असर देखने को मिलते हैं। बथुए में ऐसे तत्व पाए जाते हैं जो दही को आसानी से पचा देता है।

सर्दी में ऐसे करें दही का सेवन
- दिन के समय ही दही या उससे बनी चीजें खाएं
- दही या उससे बनी चीजों का टेंप्रेचर नॉर्मल होना चाहिए
- रात के समय शादी-पार्टी में दही के सेवन से बचें
- दही में बथुए को मिलाकर ही खाएं
- फ्रिज में रखा दही खाना हानिकारक है


ठंडे दही से क्या हो सकती है समस्या
- गले में खरास
- खांसी की समस्या
- टांसिल्स का बढ़ जाना
- फीवर का आना
- अपच का शिकार होना


सर्दी के मौसम में लोग अधिक खाना खा लेते हैं, जिससे उन्हें पेट की समस्या हो जाती है। इससे बचने के लिए मौसमी फलों और सब्जियों का सेवन करना चाहिए।

डॉ विष्णु कुमार, फिजीशियन, बलरामपुर अस्पताल

सर्दी के मौसम में दही का सेवन रात के समय नहीं करना चाहिए। शादी-पार्टी के दौरान खुले में रखा रायता आपकी सेहत को बिगाडऩे का काम कर सकता है।

डॉ आयुष पांडे, आयुष ओपीडी, लोहिया संस्थान