लखनऊ (ब्यूरो)। गुडंबा के टेढ़ी पुलिया इलाके से कुछ दूर स्थित एक निजी अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज में तेंदुए की वीडियो कैद हुई थी। अस्पताल के मालिक अनिकेत अनी ने बताया कि उनके अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज में अस्पताल परिसर में तड़के करीब 4.12 बजे तेंदुआ टहलता हुआ दिख रहा है। तेंदुआ करीब आठ मिनट तक उनके अस्पताल परिसर के अंदर ही रहा। उसके बाद तेंदुआ बाहर निकल गया और गलियों में टहलते हुए उसका वीडियो कैमरे में कैद हुआ है, जिस जगह यह तेंदुआ नजर आया वह काफी घनी आबादी वाला इलाका है। तेंदुए का वीडियो वायरल होने के बाद इलाके के लोगों में दहशत है। लखनऊ के प्रभागीय वन अधिकारी रवि कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें इसकी सूचना मिली है और उन्होंने टीम भेजकर तेंदुए की तलाश शुरू करा दी है। लखनऊ में तेंदुआ दिखने की घटना नई नहीं है। इससे पहले इसी साल अगस्त में बंथरा तथा इकाना स्टेडियम के पास तेंदुआ देखा गया था।

पहला हमला किया था सुबह 5.20 बजे
तेंदुआ ने पहला हमला आदिल नगर के राम सिंह यादव की पत्नी मंजू यादव (40) पर किया था। सुबह करीब 5.30 बजे राम सिंह अपनी पत्नी मंजू के साथ घर से पैदल ही हॉस्पिटल जाने के लिए निकले थे। मेन रोड पर पहुंचते ही रोड पर तेंदुए ने मंजू पर हमला कर दिया। तेंदुए के हमले से मंजू का दाहिना हाथ व नाक के नीचे गंभीर रूप घाव हुआ है। तेंदुए ने सीने पर पैर रखकर हाथ में दांत गड़ा दिए थे। पत्नी पर हमला करता देख राम सिंह व आस-पास के लोगों ने हाथ में पत्थर, लाठी डंडे लेकर बचाने दौड़े, जिसके बाद तेंदुआ वहां से भाग निकला। मंजू को गंभीर हालत में हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनके कई टांके लगे हैैं।

स्कूल कैंपस में छिपा रहा तेंदुआ
इलाके में प्रेसीडेंसी इंटर कॉलेज है। तेंदुआ स्कूल की करीब 20 फीट बाउंड्री फांद कर कैंपस में घुस गया और उसके एक किनारे बने बाग में छिप गया। स्कूल कैंपस की देखभाल के लिए गजराज रावत का परिवार रहता है। कैंपस के बाग के ठीक बगल में गजराज का आवास है, जिसमें उनकी पत्नी धर्मदेवी उर्फ विनीता (48), बेटा वीरू व बेटियां रहती हैैं। सुबह करीब 8.20 बजे विनीता गेट खोल कर जैसे ही बाग में दाखिल हुईं वहां नीबू के पेड़ में पीछे छिपा तेंदुए ने हमला कर दिया। इससे विनीता भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके सिर व हाथ में कई टांके लगे हैैं।

शुक्र था, स्कूल में छुट्ट थी
प्रेसीडेंसी इंटर कॉलेज में शनिवार को क्रिसमस की छुट्टïी थी। शुक्र है, स्कूल नहीं खुला था और न ही वहां बच्चे थे। विनीता पर हमला करने के बाद तेंदुआ स्कूल के पीछे के हिस्से में बने किचन के नीचे छिप गया, जिसके बाद पूरे इलाके में तेंदुए के हमले व एरिया में लगे कई सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की चर्चा फैल गई। धीरे-धीरे पूरे इलाके में लोग एक के बाद एक तीन से चार लोगों के घायल होने की जानकारी पाकर जमा होने लगे।


कई घंटे तक नहीं लिया तेंदुए को गंभीरता से
मंजू यादव पर हमले के बाद तेंदुआ ने यूनिटी सिटी के रिंकू (40) पर भी हमला किया था। तेंदुए के हमले से रिंकू भी गंभीर रूप से घायल हुआ था और उसने प्राइवेट डॉक्टर की क्लीनिक में इलाज कराया था। हालांकि इस दौरान घायलों ने बड़े जानवर की जानकारी दी, लेकिन किसी ने उन्हें गंभीरता से नहीं लिया और न ही तेंदुआ के होने की सूचना वन विभाग को दी गई। जानवर के हमले की जानकारी सुबह गुडंबा पुलिस को दी गई और गुडंबा पुलिस ने मौके पर जाकर जांच भी की।

स्कूल कैंपस में छिपा रहा कई घंटे तक
बड़े जानवर के हमले की सूचना पर गुडंबा थाने में तैनात पुलिस कर्मी और इलाके के कुछ लोग उसकी तलाश में जुट गए। इस दौरान गुडंबा थाने का सिपाही देवेंद्र, प्रेसीडेंसी स्कूल में काम करने वाली विनीता का बेटा वीरू समेत कई लोग हाथों में डंडा लेकर तलाश कर रहे थे। तभी वीरू ने स्कूल कैंपस में बने किचन के नीचे के हिस्से में झांक कर देखा तो तेंदुआ वहां उसे बैठा हुआ दिख गया। उसने इसकी सूचना पुलिस कर्मियों को दी। जिसके बाद तेंदुआ की पुष्टि होने पर वन विभाग को भी सूचना दी गई, लेकिन एक घंटे तक वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची।

9 घंटे बाद किया हमला, सिपाही समेत कई घायल
करीब शाम 5.30 बजे वन विभाग के चार पांच कर्मचारी व स्थानीय लोग, दो सिपाही स्कूल कैंपस पहुंचे और उसके पकडऩे का प्रयास किया। लापरवाही के चलते तेंदुआ वहां से भी निकल गया और करीब स्कूल की 20 फीट ऊंची दीवार फांद कर रोड पर आ गया। इस दौरान वीरू व सिपाही देवेंद्र पर भी हमला कर उन्हें घायल कर दिया।


रोड पर तेंदुआ फैलाता रहा दहशत
स्कूल की बाउंड्री वॉल फांदने के बाद मेन रोड पर पहुंचे तेंदुए ने एक के बाद एक कई लोगों पर हमला कर दिया, जिसमें मालती देवी (55) पर हमला किया और उन्हें घायल कर दिया। रोड पर दुकान वालों ने उसे डंडे व लोहे की राड लेकर दौड़ाया तो वह वहां से भाग गया। दो सौ मीटर की दूरी पर सैलून की दुकान के बाहर बैठे राधेश्याम मैसी (65) पर पीछे से हमला किया और उन्हें दांतों में फंसा कर रोड पर खींचता हुआ ले गया। रोड की दूरी साइड पर खड़ी उनकी बेटी ने मडिय़ांव में रहने वाली सुधी ने बचाने का प्रयास किया तो उनके ऊपर भी हमला कर दिया। शोर सुनकर लोग दौड़े तो वह फिर कॉलोनी की तरफ भाग निकला।

6 घंटे तक छिपा रहा खाली प्लाट में
शाम 6 बजे तक पूरे इलाके में तेंदुए की दहशत फैल गई। इस दौरान एरिया में लगे 40 सीसीटीवी कैमरे में अलग-अलग जगहों पर तेंदुआ कैद भी हुआ। यहीं नहीं लोगों ने अपनी छतों व घर से मोबाइल से तेंदुए का वीडियो बनाया। वन विभाग की टीम भी उसे पकडऩे के लिए जुट गई और पूरे इलाके की काबिंग शुरू की गई। करीब 6 घंटे बाद तेंदुए की लोकेशन सीसीटीवी कैमरे के जरिए गुडंबा के कल्याणपुर स्थित कन्हैया नगर इलाके में एक खाली प्लाट में मिली। खाली प्लाट के ठीक बगल में प्रदीप गुप्ता का दो मंजिला मकान है। मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के जरिए ही इसकी जानकारी वन विभाग को हुई।


वन विभाग की लापरवाही से बच निकला तेंदुआ
रात करीब 12 बजे खाली प्लाट में वन विभाग की टीम ने दोनों तरफ जाल लगाया। करीब 12.29 बजे तेंदुआ खाली प्लाट से बाहर की तरफ भागा और जाल में फंस गया। तेंदुआ की दहाड़ व दहशत से वन विभाग की टीम के मेंबर जाल छोड़ कर मौके से भाग निकले। जाल में करीब 55 सेकेंड तक फंसे रहने के बाद तेंदुआ वन विभाग की लापरवाही के चलते जाल से बाहर निकल कर भाग निकला। इस दौरान एक मीडिया फोटो ग्राफर पर तेंदुए ने हमला कर उसे घायल कर दिया।


वन विभाग की टीम करती रही काबिंग
रात भर लोग तेंदुए की दहशत के चलते घरों में दुबके रहे और सुबह होने पर भी लोगों में दहशत थी। वन विभाग की टीम ने रात भर काबिंग की और सुबह पिजड़ा एरिया में पहुंचाया। हालांकि रविवार देर शाम तक तेंदुए की कोई लोकेशन नहीं मिली और न ही वह किसी सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ। वन विभाग के अफसरों का कहना है कि वह जंगल की तरफ निकल गया जबकि कुछ लोगों ने देर रात कुर्सी रोड एरिया में अपने मोबाइल से तेंदुआ को रोड पर जाते हुए वीडियो बनाया है। फिलहाल पूरा इलाका तेंदुआ की दहशत में है और वन विभाग की टीम उसे दबोचने के लिए लगी है। चिडिय़ाघर प्रशासन से भी टीम की मांग की गई हैै। वहीं पुलिस भी लोगों को घरों में रहने वाली नसीहत दे रही हैै।