लखनऊ (ब्यूरो)। मंगलवार को लोकसभा चुनाव के नतीजे घोषित हुए। इस रिजल्ट का सभी को बेसब्री से इंतजार था। सभी लोग सुबह से ही टीवी के सामने बैठे रिजल्ट का इंतजार कर रहे थे। रास्तों में कई जगह बड़ी स्क्रीन भी लगाई गई रखी थी जहां लोग सड़क किनारे खड़े होकर रुक कर रुझान देख रहे थे। अलग-अलग पार्टियों के कार्यालयों में भी लोग नतीजे आने का इंतजार कर रहे थे। कई कार्यालय ऐसे थे जहां जमकर जश्न मनाया तो कहीं सन्नाटा भी पसरा दिखा।

भाजपा कार्यालय में दिखा सन्नाटा

भाजपा के कार्यालय में बड़े मंगल के उपलक्ष में भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें बहुत से लोग भंडारा खाने के लिए रुक रहे थे। वहीं कार्यालय के अंदर सभी अंतिम नतीजों का इंतजार कर रहे थे। पूरे कार्यालय में सन्नाटा छाया हुआ था। कार्यकर्ताओं से पूछा तो उन्होंने बताया कि जश्न तब मनाएंगे जब नतीजे साफ हो जाएंगे। वहां कार्यकर्ताओं की आवाजाही भी बहुत कम थी।

सपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह

सुबह से ही सपा के कार्यकर्ता काफी उत्साहित नजर आए। नतीजे आने से पहले ही सपा कार्यकर्ताओं ने कार्यालय के बाहर लड्डू बांटने शुरू कर दिए थे। सभी में बहुत जोश दिख रहा था। कार्यकर्ता जोर जोर से अखिलेश यादव और राहुल गांधी के नारे लगा रहे थे। सभी कार्यकर्ता इस बात से खुश थे पिछली बार से उनकी पार्टी इस साल ज्यादा अच्छा प्रदर्शन कर रही थी। कड़ी धूप में भी सब बाहर खड़े हुए थे और उनका उत्साह जरा भी कम होता नहीं दिख रहा था।

कांग्रेस कार्यालय में भी लगे नारे

सभी पार्टियां नतीजों का इंतजार कर रहीं थीं। कांग्रेस कार्यालय का भी यही हाल था। वहां एक कमरे के अंदर टीवी पर न्यूज चल रही थी और कार्यकर्ता उसपर नजरें गढ़ाए हुए थे। कांग्रेस कार्यालय में काफी हलचल दिखाई दे रही थी। कार्यकर्ता कांग्रेस के लिए नारे लगा रहे थे। कार्यकर्ताओं में जीत की उम्मीद नजर आ रही थी। ऑफिस में बहुत सारे कार्यकर्ता मौजूद थे और सभी में बहुत जोश नजर आ रहा था। कार्यकर्ताओं की आवाजाही बराबर बनी हुई थी।