लखनऊ (ब्यूरो)। ईसाई समुदाय के लोगों के लिए 25 दिसंबर का दिन बेहद खास होता है। प्रभु यिशु के जन्म के इस मौके को क्रिसमस के तौर पर मनाया जाता है। वहीं, क्रिसमस को लेकर ईसाई समुदाय के लोगों के साथ-साथ मार्केट का उत्साह भी बढ़ता जा रहा है। एक ओर जहां लोग घरों में धूमधाम से क्रिसमस सेलिब्रेट करने की तैयारी कर रहे हैं, वहीं बाजार भी क्रिसमस के रंग में रंगे दिखाई देने लगे हैं।

घरों में हुई सजावट

क्रिसमस को लेकर लोगों ने घरों में साफ-सफाई का काम पूरा कर लिया है और अब लाइटिंग के साथ क्रिसमस ट्री सजाने का काम शुरू हो गया है। क्रिसमस ट्री को कई तरह के रंग-बिरंगे स्टार, बेल और लाइटों से सजाया जा रहा है। वहीं, बच्चों ने कैरल सिंगिंग की प्रैक्टिस भी शुरू कर दी है। लोग कोविड नियमों के तहत ही सेलिबे्रशन करने की बात कह रहे हैं।

मार्केट में क्रिसमस का क्रेज

अमीनाबाद, भूतनाथ, आलमबाग, हजरतगंज आदि मार्केट में क्रिसमस की शॉपिंग पूरे जोर-शोर से हो रही है। सर्वाधिक डिमांड सेंटा ड्रेस, मास्क और कैप की है। सेंटा का कागज का मास्क 20-25 रुपए का बिक रहा है, वहीं प्लास्टिक के मास्क की कीमत 50 रुपए से शुरू है। सेंटा ड्रेस की कीमत उसकी साइज के अनुसार 700 रुपये से लेकर हजारों में है। इसके अलावा कैरल और मेरी क्रिसमस गाता सेंटा क्लाज, क्रिसमस ट्री, सेंटा कैप भी खूब बिक रही है। गिफ्ट के लिए लोग सेंटा क्लाज स्टैच्यू, कैंडिल होल्डर विद ट्री और स्टार शेप होल्डर आदि खरीद रहे हैं।

15 फीसद बढ़ गए दाम

दुकानदार विनोद सिंह ने बताया कि सेंटा मास्क, ड्रेस के साथ सिंगिंग सेंटा की डिमांड सबसे ज्यादा है। साथ ही म्यूजिकल गिफ्ट्स जैसे क्रिसमस ट्री, म्यूजिकल सेंटा और कार्ड की भी डिमांड बनी हुई है। साथ ही सेंटा स्टीकर भर पसंद किए जा रहे है। वहीं, दुकानदर राजेश मिश्रा ने बताया कि क्रिसमस सेलिब्रेशन आइटम्स ज्यादातर चीन से आते हैं, पर अब मेड इन इंडिया सामान भी आने लगा है। इसकी भी डिमांड बनी हुई है। इसबार अधिकतर आइटम्स 15-20 फीसदी तक महंगे हो गये हैं।

डेकोरेशन आइटम्स के रेट

आइटम रेट

क्रिसमस ट्री 15 रुपए

क्रिसमस बेल 125 रुपए

सेंटा क्लाज ड्रेस 500 रुपए

सेंटा मास्क 25 रुपए

सेंटा कैप 50 रुपए

कैंडिल होल्डर ट्री 150 रुपए

म्यूजिकल सेंटा क्लाज 750 रुपए

नोट- दाम प्रारंभिक कीमत के अनुसार हैं।