लखनऊ (ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों द्वारा दुर्घटना पर लगाम लगाने के लिए तमाम प्रयास किए जा रहे है। जिसके तहत जल्द ही निगम की बसों में एंटी स्लीप डिवाइस लगाई जाएगी। ट्रायल बेस पर यह डिवाइस 10 बसों में लगाया जा रहा है। जिसके सफल होने पर अन्य बसों में इसे लगाया जाएगा। यह जानकारी परिवहन राज्य मंत्री, स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर सिंह ने दी।

प्रथम चरण में 680 बसों में लगेगी
परिवहन मंत्री ने बताया कि एंटी स्लीप डिवाइस लगाये जाने के लिए एजेंसी का चयन हो चुका है। बसों में यह डिवाइस लगाने के लिए मे। इनसेप्टम टेक्निका सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड का चयन विभाग द्वारा किया गया है। यदि यह ट्रायल सफल रहा तो जल्द ही प्रथम चरण में 680 बसों में एंटी स्लीप डिवाइस लगाई जाएगी। शुरुआती ट्रायल में राजधानी की 10 बसों में इसे लगाया जाएगा।

मुख्यालय पहुंचेगा एसएमएस
एंटी स्लीप डिवाइस लोगों की सुरक्षा के लिए बहुत कारगर साबित होगी, जिसे डैशबोर्ड के सामने लगाया जाएगा। एक्सीडेंट की आशंका पर यह ब्लिंक होने लगेगी। नाइट मोड में यह 5 से 8 सेकेंड तथा डे मोड में 6 से 9 सेकेंड का होगा। इसके बाद बजर की आवाज आनी शुरू होगी, फिर सायरन बजेगा और बाद में एक एसएमएस मुख्यालय पर पहुंच जाएगा। मंत्री के मुताबिक, क्लाउड पर डाटा भी स्टोर हो जाएगा।

सुरक्षित होगी यात्रा
परिवहन मंत्री ने बताया कि इस डिवाइस को लगाने में लगभग 14 हजार रुपये प्रति यूनिट खर्च आएगा। उन्होंने कहा कि परिवहन निगम यात्रियों को सुरक्षित यात्रा कराने के लिए लगातार नई-नई तकनीक का प्रयोग कर रहा है। इससे पूर्व निगम की बसों में पैनिक बटन भी लगाया गया है, ताकि आपात स्थिति में तत्काल मदद पहुंचाई जा सके।