लखनऊ (ब्यूरो)। गुडंबा थानाक्षेत्र में एक पिता ने अपनी 14 साल की बेटी की निर्मम हत्या कर दी। पिता को बेटी के चाल चलन पर शक था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, गुडंबा थाना पुलिस ने आरोपी पिता संजय सिंह को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

2 महीने पहले छीन लिया था मोबाइल

मूलरूप से शारदा फूलबेहड़ लखीमपुर खीरी के रहने वाला संजय सिंह पत्नी सुशीला, बेटी पूजा (14), संगीता (11), काजल (7) और बेटे गोविंद (5) के साथ गुडंबा के मायापुरी कॉलोनी में रहता है। वह राजगीर मिस्त्री का काम करता है। करीब 15 दिन पहले सुशीला अपने मायके ग्राम लोनियन पुरवा थाना पटुवा लखीमपुर खीरी गई हुई थी। घर पर बच्चों के साथ संजय सिंह था। परिजनों के मुताबिक, बड़ी बेटी पूजा बुआ के बेटे से फोन पर बात करती थी। संजय को जब इसकी भनक लगी, तो उसने फरवरी में फटकार लगाते हुए पूजा से मोबाइल फोन छीन लिया था। तब से वह बेटी के चाल चलन पर शक करने लगा।

पहले की पिटाई फिर उतारा मौत के घाट

सोमवार को संजय अपने काम से घर लौटा था। इस दौरान वह घर में लगी भगवान की तस्वीरों को मंदिर ले जाने लगा, तो पूजा ने उसे रोका, इसपर संजय ने उसकी पिटाई कर घर से बहार निकाल दिया। काफी देर तक पूजा घर के बाहर खड़ी रही और पिता से दरवाजा खोलने के लिए अवाज देती रही। पूजा का शोर सुनकर पड़ोसी अमित ने संजय का विरोध किया, जिसपर संजय ने उसपर हसिया से काटने की धमकी दी, फिर पूजा को घर के अंदर कर लिया। घर में जाने के बाद पूजा बिस्तर पर लेटी थी, तभी संजय उसके कमरे में पहुंचा और झगड़ा करते हुए पूजा का गला दबा दिया, फिर नाक पर कई बार घूंसे से वार कर लहूलुहान कर दिया। इसके बाद कमरे में रखी हासिया से वार कर पूजा की निर्मम हत्या कर फरार हो गया।

एक घंटे बाद आरोपी गिरफ्तार

शोर सुनकर जब पड़ोसी मौके पर पहुंचे, तो पूजा लहूलुहान हालत में मृत पड़ी थी। पड़ोसी अमित ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने करीब एक घंटे बाद संजय को कुकरैल जंगल से गिरफ्तार कर लिया। सुशीला ने बताया कि उसके पति के भाई की लड़की पांच वर्ष पहले एक युवक के साथ घर से चल गई थी। भतीजी के जाने के बाद से ही उसका पति चिड़चिड़ा हो गया था। शराब भी पीने लगा था। वहीं, नार्थ डीसीपी अभिजीत आर शंकर ने बताया कि मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।