लखनऊ (ब्यूरो)। दीपावली, भैया दूज और छठ जैसे त्योहारों को देखते हुए प्रदेश में स्वच्छ दीपावली, शुभ दीपावली अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान के तहत त्योहारों को स्वच्छता के साथ मनाने का संकल्प लिया गया है। इसी क्रम में स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) के राज्य मिशन निदेशक की ओर से सभी नगर आयुक्तों को अभियान से जुड़ी सभी गतिविधियों के संचालन से संबंधित एसओपी जारी कर दी है। एसओपी में स्वच्छ दीपावली हस्ताक्षर अभियान, स्वच्छ दीपावली रील्स, आरआरआर सेंटर्स, स्वच्छ त्योहार, स्वच्छ सारथी क्लब एवं प्रतिबंधित प्लास्टिक के उत्पादों के विरुद्ध अभियान जैसी गतिविधियों को संचालित किया जाएगा।

चलाए जाएंगे ये अभियान

1-स्वच्छ दीपावली हस्ताक्षर अभियान-सभी निकायों में दीपावली से पूर्व एवं दीपावली के अवसर पर सभी सार्वजनिक स्थलों, सरकारी कार्यालयों, बाजारों, शैक्षिक संस्थानों व अन्य में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इसके अतिरिक्त नागरिकों को प्रण लेकर सर्टिफिकेट प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

2-स्वच्छ दीपावली रील्स-सभी निकायों द्वारा दीपावली के अवसर पर स्वच्छता के प्रति जागरूकता को लेकर निकायों की ओर से 30 से 60 सेकेंड की वीडियो रील्स बनाई जाएगी और उसे निकाय अपने सोशल मीडिया पेज पर पोस्ट करेंगे।

3-आरआरआर सेंटर्स-सभी निकायों पर बने आरआरआर सेंटर्स को इस स्वच्छ दीपावली के अंतर्गत उपयोग में लाया जाएगा, जिसका वृहद रूप से प्रचार-प्रसार करते हुए नागरिकों को 3आर कांसेप्ट के प्रति जागरूक किया जाएगा एवं घरों में व आसपास स्वच्छता का संदेश दिया जाएगा।

4-प्लास्टिक का बहिष्कार-आगामी त्योहारों में सिंगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार किया जाएगा तथा वैकल्पिक चीजों जैसे कि जूट के बैग, कपड़े के बैग इत्यादि को इस्तेमाल में लाया जाएगा। धनतेरस के मौके पर सभी निकायों को वोकल फॉर लोकल कैंपेन के तहत स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। निकाय स्तर पर एलईडी वैन, स्मार्ट सिटी के अंतर्गत स्मार्ट होर्डिंग द्वारा स्वच्छ दीपावली व अन्य स्वच्छता से संबंधित ऑडियो-वीडियो प्रसारित किए जाएंगे।

5-स्वच्छ सारथी क्लब-स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों में स्वच्छ दीपावली, शुभ दीपावली अभियान के प्रति जागरूकता के लिए रंगोली प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता, कला प्रतियोगिता आदि कार्यक्रम कराया जाना सुनिश्चित किया जाएगा। अभियान के तहत रिसाइकिल मैटेरियल से उत्पादों को तैयार कर निकाय स्तर पर प्रदर्शनी लगाकर प्रोत्साहित किया जाएगा। स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों के प्रांगण में ट्विन बिन्स रखे जाएंगे।

अभियान भी चलेगा

प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरी बैग तथा प्लास्टिक या थर्मोकोल से निर्मित एक बार उपयोग के बाद निस्तारण योग्य कप, गिलास, प्लेट इत्यादि उत्पादों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जाएगा। आगामी त्योहारों को जीरो प्लास्टिक इवेंट एवं जीरो वेस्ट इवेंट के रूप में मनाया जाए। इसके लिए यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं भी प्रतिबंधित प्लास्टिक, थर्माकोल के उत्पादों का प्रयोग न हो तथा कूड़े कचड़े के लिए डस्टबिन का प्रयोग हो। प्लास्टिक के उत्पादों एवं प्लास्टिक बैग के उपयोग के नुकसान के बारे में नागरिकों को जागरूक किया जाएगा।

25 नवंबर तक चलेगा अभियान

आगामी त्योहारों के अवसर पर रेलवे स्टेशनों, बस स्टैड्स आदि सार्वजनिक स्थलों पर सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता सुनिश्चित की जाए तथा बस स्टैंड व रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता से संबंधित संदेश लिखवाए जाएं। प्रदेश में सभी निकायों के चौराहों पर सौन्दर्यीकरण एवं मरम्मत के साथ-साथ सफाई अभियान के अंतर्गत स्वच्छता सुनिश्चित की जाए तथा सार्वजनिक शौचालयों की दीवारों पर स्वच्छता से संबंधित संदेश लिखवाए जाएं। निकायों पर दीपावली एवं छठ पूजा के उपलक्ष्य में घाटों पर सफाई का विशेष अभियान चलाया जाएगा। राज्य स्तर पर स्वच्छ घाट प्रतियोगिता भी होगी, जिसमें निकाय स्तर पर उत्कृष्ट कार्य किए जाने वाले निकायों को सम्मानित किया जाएगा।