लखनऊ (ब्यूरो)। उप्र परिवहन राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर सिंह ने बुधवार को लखनऊ से अयोध्या जाने वाली परिवहन निगम की बस में बैठकर यात्रा की। परिवहन निगम द्वारा श्रद्धालुओं को उपलब्ध करायी जा रही परिवहन सेवा की तैयारियों को परखने के लिए यात्रा की। उन्होंने बसों की स्थिति शीशे, सीटों, वाइपर, लाइट, दरवाजा, खिड़की, फायर सेफ्टी उपकरण, साफ-सफाई एवं बजने वाले रामधुन, भजन आदि का परीक्षण किया।

अधिकारियों को दिए निर्देश

परिवहन मंत्री ने निरीक्षण के दौरान परिवहन निगम के अधिकारियों को बसों को साफ-सुथरा रखने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि परिवहन निगम की सभी बसों, बस स्टेशनों पर साउंड सिस्टम के माध्यम से रामधुन भजन बजाये जाएं। साथ ही उन्होंने निजी वाहन स्वामियों से भी अपनी-अपनी बसों में रामधुन भजन बजाने की अपील की। उन्होंने राम जन्मभूमि प्राण प्रतिष्ठा अयोध्या धाम मंदिर से संबंधित फ्लैक्स लगवाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए उद्घोषणा यंत्र, समुचित प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य उपकरणों को कार्यशील रखा जाये। साथ ही उन्होंने चालकों व परिचालकों को यात्रियों से मधुर व्यवहार किये जाने के निर्देश दिये हैं।

जिम्मेदारियां बढ़ गई हैं

परिवहन राज्यमंत्री ने कहा कि 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम है। श्रद्धालु बड़ी संख्या में अयोध्या आएंगे। ऐसे में परिवहन निगम की जिम्मेदारियां बढ़ गयी हैं। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी मेहनत एवं लगन से इस कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना सहयोग दें। यात्रा के दौरान क्षेत्रीय प्रबंधक लखनऊ आरके त्रिपाठी, सेवा प्रबंधक विनोद कुमार, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज शर्मा, प्रशांत दीक्षित आदि साथ में रहे।