लखनऊ (ब्यूरो)। भाई तारु सिंह का शहीदी दिवस एवं श्रावण माह संक्रांति पर्व रविवार को ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरु नानक देव जी नाका हिंडोला में बड़ी श्रद्धा एवं सत्कार के साथ मनाया गया। सुबह के दीवान में श्री सुखमनी साहिब के पाठ के उपरांत रागी जत्था भाई राजिंदर सिंह जी ने अपनी मधुरवाणी में आसा की वार का अमृतमयी शबद कीर्तन गायन किया। ज्ञानी सुखदेव सिंह ने भाई तारु सिंह के जीवन पर प्रकाश डाला।

गुरु का प्रसाद हुआ वितरित

शाम का विशेष दीवान रहिरास साहिब के पाठ से आरंभ हुआ। जिसमें रागी जत्था भाई राजिंदर सिंह ने अपनी मधुरवाणी में सावणि सरसी कामणी चरन कमल सिऊ पिआरु मनु तनु रता सच रंगि इको नामु आधार शबद कीर्तन एवं नाम सिमरन द्वारा साध संगतों को निहाल किया। सिमरन साधना परिवार के बच्चों ने सतिगुर की सेवा सफल है जे को करें चित लाए, शबद कीर्तन गायन कर समूह संगत को मंत्रमुग्ध कर दिया। ज्ञानी सुखदेव सिंह ने श्रावण माह पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस माह में वह जीव हर वक्त प्रसन्न रहता है। जिसका मन प्रभु के चरन कमलों में लगा रहता है। उसका तन मन सच के रंगों में रंगा रहता है। प्रभु का नाम ही उसके जीवन का आधार बन जाता है। वहीं, कमेटी के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह बग्गा ने आई साध संगतों को श्रावण माह संक्रांति पर्व की बधाई दी एवं शहीद भाई तारु सिंह को अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किये। समाप्ति के उपरांत हरमिंदर सिंह टीटू महामंत्री की देखरेख में दशमेश सेवा सोसाइटी के सदस्यों द्वारा खीर एवं गुरु का लंगर संगत में वितरित किया गया।

शबद गायन से किया निहाल

दूसरी ओर श्री गुरु सिंह सभा मानसरोवर में सावन माह की संगरांद के पर्व श्रद्धा और सत्कार के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हेड ग्रंथी रजादीप सिंह ने सावन माह की संगरांद के महत्ता पर प्रकाश डाला। इसके बाद हजूरी रागी भाई लाखन सिंह ने सावन आया है सखी, जल हर बरसन हर शबद गायन से संगत को निहाल किया। वहीं, गुरुद्वारा के प्रधान संपूरन सिंह बग्गा ने आई संगत समूह को पर्व की बधाई दी।