लखनऊ (ब्यूरो)। राजधानी में वेस्ट कलेक्शन की व्यवस्था दिन प्रतिदिन डिरेल होती जा रही है। इसकी वजह यह है कि अभी तक वेस्ट कलेक्शन के लिए नई कंपनी का टेंडर नहीं किया जा सका है। निगम प्रशासन की माने तो अभी लीगल पेंच फंसा हुआ है, उसके शार्ट आउट होते ही इस माह वेस्ट कलेक्शन के लिए नई कंपनी का टेंडर किया जाएगा। फिलहाल तब तक निगम के कर्मचारी और वेंडर्स ही घरों से वेस्ट कलेक्ट करेंगे।

शासन से हुआ है अनुबंध

दरअसल, अभी तक ईकोग्रीन कंपनी की ओर से पूरे शहर में घरों से वेस्ट कलेक्शन का काम किया जा रहा था। कंपनी की ओर से इस कार्य में लगातार लापरवाही बरते जाने की वजह से मंडलायुक्त की ओर से डीएम को कंपनी को टर्मिनेशन नोटिस जारी करने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद इस दिशा में प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।

चार-पांच दिन में निर्णय

हालांकि जब तक ईकोग्रीन कंपनी का शासन में हुआ अनुबंध समाप्त नहीं होता है, तब तक वेस्ट कलेक्शन के लिए नई कंपनी का चयन नहीं किया जा सकता है। पूरी संभावना है कि चार से पांच दिन के अंदर अनुबंध को लेकर कोई डिसीजन लिया जा सकता है। इसके बाद ही निगम की ओर से नई कंपनी के लिए टेंडर निकाला जाएगा।

नियमित वेस्ट नहीं उठ रहा

भले ही नगर निगम की ओर से अपने कर्मचारियों और वेंडर्स की मदद से वेस्ट कलेक्शन का कार्य कराया जा रहा हो लेकिन हकीकत यह है कि शत प्रतिशत घरों से तो दूर, 50 फीसदी घरों से ही वेस्ट नहीं उठ रहा है। जिसकी वजह से भवन स्वामी परेशान हैं। जब तक नई कंपनी का चयन नहीं हो जाता है और उसकी ओर से काम शुरू नहीं किया जाता है, तब तक शत प्रतिशत घरों से वेस्ट कलेक्शन संभव नहीं होगा।