लखनऊ (ब्यूरो)। गोसाईगंज एरिया के भटवारा गांव में शुक्रवार को इंदिरा नहर में मछली पकड़ने के दौरान एक बंद बक्सा जाल में फंस गया। जब बक्से को खोलकर देखा गया तो इसमें एक महिला की सड़ी गली लाश मिली। पुलिस मृतका की पहचान में जुट गई है।

शरीर पर नहीं थे कपड़े

शुक्रवार सुबह भटवारा गांव स्थित इंदिरा नहर में राम रतन कश्यप ने मछली पकड़ने के लिए जाल लगाया था। तभी एक बक्सा जाल में फंस गया। बक्स खींचकर किनारे लाया गया और जब इसे खोला गया तो इसमें महिला का निर्वस्त्र शव था। महिला की उम्र 40 वर्ष के आसपास है।

10 दिन पुराना शव

शुरुआती जांच में पुलिस का मानना है कि हत्या कर शव नहर में फेंका गया है। गांव के आसपास के एरिया में भी पूछताछ की जा रही है। शव को लेकर अभी कोई सुराग नहीं मिला है। शव करीब दस दिन पुराना बताया जा रहा है।

रेप के बाद हत्या की आशंका

मृतका के शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था। पुलिस को शक है कि महिला के साथ पहले रेप या मारपीट की गई होगी। गोसाईगंज प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र ने बताया कि अभी शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। गांव वाले हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जता रहे हैं।

लापता महिलाओं के खंगाले रिकार्ड

गोसाईगंज पुलिस चिनहट, बीबीडी समेत अन्य इंदिरा नहर क्षेत्र के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगालने में जुटी है। वाट्सएप गु्रपों पर भी मैसेज के माध्यम से महिला की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

नहर में पहले भी मिल चुके हैं शव

- अप्रैल 2023 को बीबीडी एरिया के अंतर्गत से एक युवक और युवती का शव बंधा हुआ मिला।

- अप्रैल 2023 को नगराम इंदिरा नहर में 55 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला।

- अगस्त 2023 को चिनहट क्षेत्र में इंदिरा नहर से 32 वषीय व्यक्ति का शव मिला।

- दिसंबर 2022 को गोसाईगंज इंदिरा नहर में छह दिन से लापता मनीष का शव मिला।

- फरवरी 2013 में नगराम के पटवाखेड़ा के पास इंदिरा नहर में लापता युवक का शव मिला।