- मंडे को मिले 312 नए केस, 48 घंटे के लिए झलकारी अस्पताल में भर्ती बंद, तीस मरीज स्वस्थ होकर लौटे घर

LUCKNOW : में कोरोना संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंडे को विभिन्न इलाकों में 312 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले। इसके अलावा झलकारीबाई अस्पताल में मरीज संक्रमित मिलने पर इसमें 48 घंटे के लिए नए मरीजों की भर्ती बंद कर दी गई है। झलकारी बाई अस्पताल में बुधवार को भर्ती महिला का एंटीजन टेस्ट पहले निगेटिव आया। सीएमएस डॉ। सुधा वर्मा के मुताबिक मरीज का शनिवार को ऑपरेशन से प्रसव कराया गया। जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। वहीं, दोबारा जांच में उसके संक्रमित पाए जाने पर मरीज को लोकबंधु रेफर कर दिया गया है। अस्पताल में सेनेटाइजेशन कर 48 घंटे तक के लिए नए मरीजों की भर्ती बंद कर दी गई है।

आरएसएम में छह कर्मचारी मिले संक्रमित

बीकेटी के आरएसएम अस्पताल के छह कर्मचारियों में कोरोना की पुष्टि हुई है। ऐसे में अन्य कर्मचारियों में भी हड़कंप मच गया। इनमें दो फार्मासिस्ट और चार वार्ड ब्वॉय हैं। ये सभी कोविड ड्यूटी में तैनात थे। ऐसे में कर्मचारियों को आइसोलेट कर दिया गया है। इसके अलावा बलरामपुर अस्पताल में एक वार्ड ब्वॉय में कोरोना की पुष्टि हुई है। साथ ही यहां भर्ती छह मरीजों में भी वायरस पाया गया है।

क्वीन मेरी में दो कर्मचारी पॉजिटिव

क्वीन मेरी अस्पताल में एक कंप्यूटर ऑपरेटर और एक सफाईकर्मी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आया है। ऐसे में कंप्यूटर ऑपरेटर के साथ काम कर रहे दो क्लर्को को भी क्वारंटाइन किया गया है।

यहां से मिले मरीज

राजधानी में गोमती नगर, आशियाना, आलमबाग, इंदिरा नगर व कृष्णानगर से लगातार बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। मंडे को भी आलमबाग से 22, गोमती नगर से 19, इंदिरा नगर से 18, कृष्णा नगर से 12 और आशियाना से 10 मरीज मिले है। इसके अलावा हजरतगंज से 15, चौक से 12, ठाकुरगंज से 10, रायबरेली रोड से 9, नाका से 7, हुसैनगंज से 6, तालकटोरा से 6, बाजारखाला से 5, हसनगंज से 5, जानकीपुरम से 6, सरोजनी नगर से 5, मडि़याव से 5, अलीगंज से 5, कैसरबाग से 5, विकास नगर से 4, कैंट से 4, गोमती नगर विस्तार से कोरोना संक्रमित मिले हैं।

सात मरीजों की गई जान

शहर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती 7 कोरोना संक्रमित मरीजों ने मंडे दम तोड़ दिया। इनमें लखनऊ निवासी चार मरीज हैं। कोरोना से मौतों पर काबू पाने में स्वास्थ्य महकमा नाकाम असहाय साबित हो रहा है। मंडे को केजीएमयू में भर्ती निरालानगर निवासी 72 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। उन्हें ब्लड प्रेशर की भी पुरानी समस्या थी। लखनऊ विश्वविद्यालय के पूर्व कर्मचारी 81 वर्षीय बुजुर्ग की भी सांसें थम गई। वह 25 जुलाई से कुर्सी रोड स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती थे। त्रिवेणीनगर निवासी 67 वर्षीय बुजुर्ग की दुबग्गा स्थित निजी मेडिकल कॉलेज में मौत हुई। इसके अलावा मोहनलालगंज क्षेत्र के 62 वर्षीय पूर्व प्रधान की पीजीआई के कोविड अस्पताल में मौत हो गई। उन्हें डायबिटीज व ब्लडप्रेशर की भी समस्या थी।

बाहर जिलों के मरीजों की थमीं सांसें

केजीएमयू में भर्ती बस्ती के रामनगर गांधीनगर निवासी 65 वर्षीय पुरुष की मौत हुई। वह 19 जुलाई को भर्ती हुए थे। उन्नाव निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग सांसें थम गई। एक अन्य 63 वर्षीय पुरुष की दोपहर में कोरोना वार्ड में मृत्यु हो गई। मरीज गुर्दा रोग से भी पीडि़त था।