लखनऊ (ब्यूरो)। आशियाना स्थित महाराजा बिजली पासी किला विश्वस्तरीय स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश सरकार ने लगभग 19 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इसमें लाइट एंड साउंड शो, बच्चों के खेलने के स्थल, पाथवे संग कई कार्य कराए जाएंगे। यह जानकारी पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पर्यटन स्थलों का विकास सरकार की प्राथमिकता में है। इसी क्रम में महाराजा बिजली पासी किले का विकास कराने की तैयारी है।

एक महत्वपूर्ण स्थल

मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि महाराजा बिजली पासी एक लोकप्रिय राजा थे। उन्होंने किले का निर्माण कराया था। यह एक महत्वपूर्ण स्थल है। यहां सभी आयुवर्ग के पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। शाम को लाइट एंड साउंड कार्यक्रम में महाराजा बिजली पासी और उनके शासन काल का वर्णन किया जाएगा।

लगातार बढ़ रहे पर्यटक

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने बताया कि प्रदेश में पर्यटन तेज गति से बढ़ रहा है। घरेलू पर्यटन के मामले में यूपी देश में पहले स्थान पर है। हमारा प्रयास है कि आने वाले पर्यटकों को और अच्छी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इस पर लगातार काम किया जा रहा है। महाराजा बिजली पासी किले का विकास होने से राजधानी में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

ये सुविधाएं भी मिलेंगी

- बच्चों के खेलने के लिए पार्क

- पाथवे का निर्माण

- कैंटीन का निर्माण

- लैंडस्केप

नोट- इसके अलावा कई अन्य सुविधाएं भी दी जाएंगी।