- कैंट स्थित छावनी परिषद सामान्य अस्पताल समेत कुछ अन्य हॉस्पिटल को कोविड सेंटर बनाने की कवायद में जुटा जिला प्रशासन

- मरीजों की बढ़ती तादाद के चलते अब तक बने कोविड सेंटर्स में बेड हो चुके हैं फुल, मरीजों को नहीं करना होगा इंतजार

LUCKNOW : राजधानी में कोरोना संक्रमण के आंकड़े रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। आलम यह है कि जिस तादाद में हर रोज मरीज मिल रहे हैं, उससे हॉस्पिटल्स पर बोझ बढ़ता जा रहा है। राजधानी के सभी कोविड सेंटर्स में बेड फुल हो चुके हैं। नतीजतन, नये मरीजों को एडमिट होने के लिय इंतजार करना पड़ रहा है। ऐसी सूरत में अब जिला प्रशासन कुछ और हॉस्पिटल्स को कोविड सेंटर्स में तब्दील करने की योजना पर काम कर रहा है। बताया जा रहा है कि सदर स्थित छावनी सामान्य अस्पताल कुछ अन्य हॉस्पिटल्स को भी कोविड सेंटर में तब्दील करने के लिये जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों से बातचीत शुरू की है।

अब तक के इंतजाम नाकाफी साबित

कोरोना संकट शुरू होने के साथ ही राजधानी में केजीएमयू, लोहिया हॉस्पिटल, लोकबंधु हॉस्पिटल के अलावा पीजीआई के एपेक्स ट्रॉमा सेंटर को राजधानी कोविड हॉस्पिटल बना दिया गया था। जिसका नतीजा यह रहा कि शुरुआत में राजधानी में जो भी कोरोना संक्रमित मरीज सामने आए उन्हें इन हॉस्पिटल्स में एडमिट करवाया गया। हालांकि, राजधानी में मरीजों की तादाद बढ़ने के साथ ही मुश्किल पेश आने लगी और सभी कोविड हॉस्पिटल्स के बेड फुल हो गए। आलम यह हुआ कि जिस रफ्तार से मरीज सामने आने लगे, उस रफ्तार में हॉस्पिटल में एडमिट मरीज डिस्चार्ज नहीं हो पा रहे थे। मजबूरन जिला प्रशासन ने हज हाउस और अवध शिल्प ग्राम में भी आइसोलेशन वार्ड बना दिये। पर, बावजूद इसके मरीजों की बढ़ती तादाद ने इंतजामों को नाकाफी साबित किया।

छोटे अस्पतालों पर नजर

बेड की कमी और मरीजों की बढ़ती तादाद ने जिला प्रशासन को नये कोविड सेंटर्स तैयार करने को मजबूर किया है। यही वजह है कि अब प्रशासन ने राजधानी में मौजूद विकल्पों पर ध्यान देना शुरू किया है। इसके तहत अब राजधानी के छोटे अस्पतालों पर प्रशासन की नजर है।

- सदर स्थित छावनी परिषद सामान्य अस्पताल को कोविड सेंटर बनाने की कोशिशें प्रशासन ने शुरू कर दी हैं।

- प्रशासन के सूत्रों ने बताया कि सदर छावनी परिषद सामान्य अस्पताल फिलहाल 40 बेड का है और यहां पर सिर्फ ओपीडी सेवा ही संचालित होती हैं।

- हॉस्पिटल में आइसोलेशन वार्ड बनाया जरूर गया लेकिन, इसमें अब तक किसी को भी एडमिट नहीं किया गया।

- अस्पताल में एमडी डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ तैनात हैं। जिला प्रशासन सूत्रों का कहना है कि इस अस्पताल में 100 बेड का इंतजाम किया जा सकता है।

- यही वजह है कि जिला प्रशासन के अधिकारियों ने अब आर्मी व छावनी परिषद के अधिकारियों से इस हॉस्पिटल को कोविड सेंटर बनाने को लेकर बातचीत शुरू कर दी है।

- इसके अलावा सरोजनीनगर स्थित सीजीएचएस हॉस्पिटल समेत कुछ अन्य हॉस्पिटल्स को कोविड सेंटर में तब्दील करने पर विचार किया जा रहा है।

कोट

छावनी परिषद सामान्य अस्पताल को कोविड सेंटर बनाने को लेकर आर्मी व छावनी परिषद से बातचीत चल रही है। जल्द ही इस पर निर्णय लिया जाएगा।

- अभिषेक प्रकाश, डीएम, लखनऊ