लखनऊ (ब्यूरो)। राजधानी की प्रमुख बाजारों में व्याप्त समस्याओं को लेकर दैनिक जागरण आईनेक्स्ट की ओर से चलाए गए अभियान बड़े बाजारों की दिक्कतें हजार का बड़ा असर होता नजर आ रहा है। इस अभियान को नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने स्वत: संज्ञान में लिया है और आश्वस्त किया है कि बाजारों में जो भी समस्याएं सामने आई हैैं, उन्हें चरणबद्ध तरीके से दूर किया जाएगा। इसके साथ ही इस कार्य में मार्केट के व्यापारियों और आम जनता का भी सहयोग लिया जाएगा।

होली के बाद ऑन स्पॉट सर्वे

नगर आयुक्त का कहना है कि होली के बाद सभी प्रमुख बाजारों में वह अपनी टीम के साथ खुद स्पॉट सर्वे करेंगे और वहां के व्यापारियों के साथ बैठक करके समस्याओं पर चर्चा करेंगे। इसके साथ ही मौके पर ही यह भी रणनीति बनाई जाएगी कि किस तरह से समस्या को दूर किया जा सकता है। इसमें व्यापारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।

संयुक्त रूप से तलाशेंगे स्पेस

आलमबाग, तेलीबाग, भूतनाथ, अमीनाबाद, चौक, नाका हिंडोला जैसी प्रमुख बाजारों में सर्वाधिक समस्या टॉयलेट और पार्किंग की है। इस व्यवस्था के लिए मुख्य रूप से नगर निगम ही जिम्मेदार है। मतलब साफ है कि उक्त सुविधा नगर निगम की ओर से ही दी जानी है। इसे ध्यान में रखते हुए नगर आयुक्त का कहना है कि पहले तो यह देखा जाएगा कि बाजार में किस स्थान पर पार्किंग और टॉयलेट की सुविधा की जा सकती है। दरअसल में, ज्यादातर पार्किंग में स्पेस की प्रॉब्लम है। नगर आयुक्त का कहना है कि पहला प्रयास तो यही रहेगा कि अस्थाई रूप से टॉयलेट और पार्किंग की व्यवस्था कर दी जाए।

संवाद से निकलेगा रास्ता

नगर आयुक्त का कहना है कि जब वह और उनकी टीम व्यापारिक क्षेत्रों में जाकर व्यापारियों से सीधा संवाद करेगी तो साफ है कि समस्याओं को दूर करने के लिए रणनीति भी बेहतर बनेगी। पहले भी कई बाजारों में टॉयलेट व्यवस्था को लेकर इंतजाम किए जाने के प्रयास किए गए थे लेकिन स्पेस की प्रॉब्लम होने की वजह से व्यवस्था इंप्लीमेंट नहीं हो सकी थी। अब नए सिरे से इस दिशा में कदम उठाए जाएंगे।

अभियान भी चलाएंगे

नगर आयुक्त का कहना है कि जिन बाजारों में अतिक्रमण की समस्या सामने आई है, वहां पर नगर निगम की ओर से अतिक्रमण अभियान भी चलाया जाएगा। जिससे मार्केट्स में जाम की समस्या समाप्त हो सके। हाल में ही नगर निगम ने भूतनाथ मार्केट में अभियान चलाकर अवैध वेंडर्स को हटाया भी था। अन्य बाजारों में भी यही कदम उठाए जाएंगे।

सफाई पर भी फोकस

नगर आयुक्त की ओर से यह भी निर्णय लिया गया है कि सभी बाजारों में सफाई और वेस्ट कलेक्शन व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जाएगा। मार्ग प्रकाश व्यवस्था को भी बेहतर किया जाएगा। बाजारों में जरूरत के हिसाब से चिन्हित प्वाइंट्स पर डस्टबिन भी रखवाए जाएंगे। मॉनीटरिंग टीमों का भी गठन किया जाएगा, जिनसे रेगुलर बेसिस पर रिपोर्ट भी ली जाएगी।

दैनिक जागरण आईनेक्स्ट ने एक बेहतर मुद्दे को लेकर अभियान चलाया है। हमारी प्राथमिकता यही है कि जिन बाजारों की समस्याएं सामने आई हैैं, उन्हें दूर किया जाए। इसके लिए होली के बाद चरणबद्ध तरीके से अभियान चलाया जाएगा।

-इंद्रजीत सिंह, नगर आयुक्त