लखनऊ (ब्यूरो)। श्रीराम लीला समिति ऐशबाग की रामलीला में सूपनखा का राम के प्रति कामातुर होना, लक्ष्मण द्वारा नासिका विच्छेदन, सूपनखा का रावण के दरबार जाना, रावण मारीच संवाद, सीता हरण, जटायु वध, सीता खोज और जटायु राम संवाद की लीला का मंचन किया गया। वहीं, इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में डॉ। नीरज बोरा विधायक उत्तरी क्षेत्र और विशिष्ट अतिथि रंजना अग्निहोत्री अधिवक्ता कृष्ण जन्मभूमि मथुरा मौजूद रहे।

आनंदित हुऐ श्री राम

महानगर रामलीला समिति की रामलीला में मंथरा की कुटिल चालों से कैकेई की राम को वन गमन व भरत को राज गद्दी की जिद से राजा दशरथ को राम वियोग में प्राण त्यागने पड़े। वहीं रामलीला के केवट प्रसंग में लहर लहर नदिया का पानी हवा संग बहता जाए मछुआरा गीत पर प्रीति यादव, भारती पांडे व इंदु भट्ट के गायन व संगीत पर बच्चों के मछुवारा नृत्य ने दर्शकों को ताली बजाने पर मजबूर कर दिया।

लंका दहन का मंचन

मौसमगंज रामलीला में लंका दहन का मंचन दर्शकों को अभिभूत कर गया। कलाकारों द्वारा मंच पर शबरी प्रेम प्रसंग, सुग्रीव मित्रता, बली वध के बाद लंका दहन का मंचन किया गया। जिसे देखकर दर्शक जय श्रीराम बोल उठे।