लखनऊ (ब्यूरो)। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा है कि लोगों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े। नाले व नालियां चोक न होने पाएं, इसके लिए इनकी नियमित साफ। सफाई का काम किया जाए। जलभराव वाले स्थानों को चिन्हित कर वहां से तत्काल पानी निकालने के लिए पम्पिंग सेट व जेट पंप का भी प्रयोग किया जाय साथ ही ऐसी समस्याओं का ठोस निदान किया जाए।

बीमारियों के भी फैलने की आशंका

नगर विकास मंत्री ने सभी नगरीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि बरसात में जनजनित एवं मच्छरजनित बीमारियों के फैलने की भी संभावना होती है। डेंगू, चिकनगुनिया के फैलने से लोगों को बहुत मुश्किलों का सामना करना पड़ता है, इसलिए इसकी रोकथाम के अभी से प्रयास किये जाएं। संभावित स्थानों पर फॉगिंग, एन्टी लार्वा का छिड़काव कराया जाय। ब्लीचिंग पाउडर व चूने का भी प्रयोग किया जाय। नगर विकास मंत्री ने कहा कि बरसात में कीचड़ दुर्गंध से लोगों को बचाने के लिए सफाई पर ध्यान दिया जाए।

डोर टू डोर कलेक्शन हो

पार्कों, उद्यानों के रखरखाव पर भी फोकस किया जाय। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से डोर टू डोर कूड़ा उठान किया जाय। कूड़ा प्रबंधन में कार्यों में तेजी लायी जाए। उन्होंने कहा कि नगरों की स्ट्रीट लाइट की खराबी को तत्काल ठीक किया जाय, जिससे कि लोगों को आने।जाने में दिक्कत न हो। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान गंदे पानी की आपूर्ति की भी संभावना बन जाती है। प्रदूषित पानी पीने से पेट सम्बंधी बीमारियों के लोग शिकार बन जाते हैं। इस पर भी ध्यान दिया जाय और पूरी सतर्कता के साथ कार्य करते हुए लोगों को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जाए। नगर विकास मंत्री ने यह भी कहाकि साफ सफाई व्यवस्था की लगातार मॉनीटरिंग की जाए।