- बाप बेटे के बीच झगड़े में चली गोली बेटे को, ट्रामा में भर्ती

- नशे की लत से परेशान थे पिता, आए दिन होता था झगड़ा

LUCKNOW:

गुडंबा के विजय कुंज कॉलोनी में रिटायर्ड डिप्टी एसपी ने अपने बेटे को गोली मार दी। पिता व बेटे के बीच हुए आपसी विवाद में गोली चल गई। गोली की चपेट में आने से बेटा घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे गुडंबा इंस्पेक्टर ने घायल को ट्रामा में भर्ती कराया है। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

खर्च के लिए रुपये मांगने पर हुआ झगड़ा

इंस्पेक्टर गुड़ंबा रीतेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि विजयकुंज कल्याणपुर निवासी मोहम्मद नईम खान डिप्टी एसपी के पद से रिटायर है। वह बेटे जुहैब खान (30) व बेटी के साथ रहते हैं। जबकि पत्नी दिल्ली में रहती हैं। चौकी प्रभारी टेढ़ीपुलिया गणेश सिंह ने बताया कि परिवारीजनों के मुताबिक बेटा जुहैब कोई काम नहीं करता है। वह खर्चो के लिए पिता से रुपयों की मांग करता रहता है। जुहैब नशे का भी आदी है। रुपयों को लेकर जुहैब घरवालों से झगड़ा करता है। रविवार को दिन में जुहैब का अपनी बहन से विवाद हुआ था। जिसमें पड़ोसियों ने समझा बुझाकर मामले को शांत करा दिया था।

लाइसेंसी रिवाल्वर से चला गोली

इंस्पेक्टर ने बताया कि देर शाम जुहैब नशे में धुत होकर घर पहुंचा। रुपयों को लेकर उसका नईम से विवाद होने लगा। विवाद बढ़ने पर नईम ने डराने के लिये लाइसेंसी रिवाल्वर से निकाल ली। दोनों के बीच छीना झपटी में गोली जुहैब के पेट में लग गई। जिससे वह वही गिर पड़ा। घटना की सूचना गुड़ंबा पुलिस को दी गई। फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर रीतेन्द्र प्रताप सिंह ने घायल को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। इंस्पेक्टर गुड़ंबा ने बताया कि गोली कैसे चली? इसकी जांच की जा रही है।