लखनऊ (ब्यूरो)। दिल्ली में श्रद्धा व आफताब, दुबग्गा में निधि व सूफियान की कहानी एक बार फिर दोहराई गई। हालांकि, इस बार पुलिस की मुस्तैदी के चलते न केवल किशोरी की जान बचाई गई, बल्कि लव जेहाद के नाम पर खूनी खेल खेलने वाले को पुलिस ने धर दबोचा। इस कहानी की शुरुआत हुई थी पारा इलाके से, जिसका क्लाइमैक्स हुआ हरियाणा में। पुलिस ने न केवल नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया बल्कि आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

प्यार के जाल में फंसा कर ले गया हरियाणा

पारा थाना क्षेत्र में सलमान ने श्याम बनकर एक नाबालिग लड़की को पहले अपने प्यार के जाल में फंसाया और उसके परिवार वालों से दूर हरियाणा लेकर भाग निकला। हरियाणा मेंं जब प्रेमी की सच्चाई किशोरी के सामने आई तो उसके होश उड़ गए। तब तक काफी देर हो चुकी थी। आरोपी ने गर्दन पर चाकू रखकर उससे निकाह किया। किशोरी के परिजनों की शिकायत पर पारा थाना पुलिस ने हरियाणा की एक चॉल से आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पारा पुलिस जांच के आधार पर जबरन धर्म परिवर्तन, रेप आदि धाराओं में केस दर्ज कर लिया।

लोकेशन ट्रेस कर पुलिस ने पकड़ा

पारा इंस्पेक्टर दधिबल तिवारी ने बताया कि पारा निवासी एक परिवार ने पिछले हफ्ते बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शक के आधार पर आरोपी और पीडि़ता की मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर किशोरी को हरियाणा से बरामद किया गया। जहां उसको सलमान नाम के युवक बंधक बनाकर रखा था। उसने जबरन उसका धर्म परिवर्तन करा उससे निकाह भी किया। शारीरिक शोषण की भी बात समाने आई है। पीडि़ता के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ धाराएं बढ़ाई जाएंगी।

सहेली ने कराई थी आरोपी से मुलाकात

पुलिस के मुताबिक, पारा बजरंग विहार निवासी किशोरी की पास में रहने वाली एक युवती से दोस्ती थी। उसने ही सलमान से उसको मिलवाया था। पीडि़त किशोरी के मुताबिक, सलमान ने तब अपना श्याम बताया था। उसने अपनी बातों में फंसा कर दोस्ती की। उसके बाद परिवार को जान से मारने की धमकी देकर हरियाणा ले गया। जहां धर्म परिवर्तन कर निकाह करने का दबाव बनाया। विरोध पर चाकू से गर्दन काट कर घर में ही दफना देने की धमकी दी। इससे डरकर और उसकी बातों में आकर निकाह किया। इस दौरान उसने गलत काम भी किया।