- जयंती पर राजभवन में प्रतिमा अनावरण कर बोलीं राज्यपाल

- सीएम ने बताया भारत माता का महान सपूत, दी श्रद्धांजलि

रुष्टयहृह्रङ्ख : भारत रत्न लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती शनिवार को सभी राजनीतिक दलों ने श्रद्धाभाव से मनाई। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजभवन परिसर में सरदार पटेल की प्रतिमा का अनावरण किया।

पूर्व उप प्रधानमंत्री पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के बाद 'भारत रत्न लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय एकता के महानायक चित्र एवं अभिलेख प्रदर्शनी' का अवलोकन किया गया। उनके जीवन पर केंद्रित एक पुस्तिका और एक पुस्तक का भी विमोचन हुआ। अतिथि पुस्तिका में राज्यपाल ने अपने विचार लिखे- राष्ट्रीय एकता के प्रतीक सरदार वल्लभभाई पटेल सत्यनिष्ठ, सत्यप्रिय, देशभक्त और गांधीभक्त थे। आज पूरा देश उनको नमन करते हुए उनका जन्मदिन राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मना रहा है।

भारत माता के सच्चे सपूत

सीएम ने लिखा कि राजभवन में राष्ट्रीय एकता दिवस पर लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा का अनावरण भारत माता के महान सपूत के प्रति विनम्र श्रद्धांजलि है। इस अवसर पर लौहपुरुष की चित्र प्रदर्शनी हमें भारत गणराज्य के अतीत की ओर ले जाकर अधिक प्रेरणा देती है। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजकों को इस प्रयास के लिए साधुवाद दिया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, मुख्य सचिव आरके तिवारी, अपर मुख्य सचिव राज्यपाल महेश कुमार गुप्ता, अपर मुख्य सचिव एमएसएमई एवं सूचना नवनीत सहगल, प्रमुख सचिव संस्कृति एवं पर्यटन मुकेश मेश्राम व सूचना निदेशक शिशिर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और गण्यमान्य नागरिक मौजूद थे।

डिप्टी सीएम ने भी किया माल्यापर्ण

वहीं, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने सरकारी आवास पर जयंती मनाई। सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। उन्होंने कहा कि विविधता को एकता के सूत्र में पिरोते हुए सरदार पटेल ने आधुनिक अखंड भारत का स्वरूप दिया। उनका जीवन दर्शन आज भी प्रासंगिक है और हम सबके लिए प्रेरणास्त्रोत है। 562 रियासतों को एकता के सूत्र में बांधकर अखंड भारत के निर्माण में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।