- गरीबों और मरीजों की हमेशा की मदद

- राजधानी में दस साल रहे मेयर के पद पर

- अंतिम समय तक सामाजिक कार्यो में रहे आगे

LUCKNOW: भले ही पूर्व मेयर डॉ। एससी राय आज हमारे बीच नहीं रहे, लेकिन वह हमेशा से हर दिल अजीज रहे हैं। डॉक्टर के पद पर रहते हुए उन्होंने हमेशा गरीबों और मरीजों की मदद की। अपनी उपलब्धियों और सामाजिक कार्यो के लिए उनको पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राजनीति में आए तो अपने व्यक्तित्व और ईमानदार छवि के चलते सबके चहेते बन गये और सन 1996 से लेकर 2006 तक, पूरे दस साल शहर के मेयर रहे, जहां उन्होंने कई महत्वपूर्ण काम किये।

आवास में लगा तांता

डॉ। एससी राय का रविवार दोपहर 12:42 बजे लॉरी हास्पिटल में देहांत हो गया। वह 87 वर्ष के थे। अंतिम संस्कार सोमवार सुबह 9 बजे भैसाकुंड में किया जाएगा, जिसमें कई बड़े नेताओं के शिरकत करने की संभावना है। उनकी मृत्यु की खबर सुनते ही उनके महानगर आवास पर लोगों का तांता लग गया। हर किसी की आंख नम थी। कोई उनके व्यक्तित्व की बात कर रहा था तो कोई उनकी उपलब्धियों का गुणगान कर रहा था।

उनका कोई विकल्प नहीं

शहर के मौजूदा मेयर डॉ। दिनेश शर्मा सबसे पहले उनके आवास पर शोक व्यक्त करने पहुंचे। उन्होंने परिजनों को संत्वाना दी। उन्होंने कहा कि डॉ। एससी राय हमारे हमेशा मार्गदर्शक रहे हैं। उनका कोई विकल्प नहीं हो सकता है। वो भले ही दुनिया से चले गये हों, मगर वो हमारे दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगे।

'चंद्रशेखर आजाद की तरह बनो'

87 वर्ष की उम्र में भी डॉ। एससी राय सामाजिक कार्यो में सबसे आगे रहते थे। वह महानगर रेजीडेंस वेलफेयर एसोसिएशन के संरक्षक भी थे। चंद्रशेखर आजाद की जयंती में उनके द्वारा दिया गया भाषण उनका अंतिम भाषण था। उन्होंने अपने अंतिम भाषण में कहा था कि यदि देश को बदलना है तो हमें चंद्रशेखर के जैसा बनना होगा। एसोसिएशन के रवि ने बताया कि इतनी उम्र में भी वह सामाजिक कार्यो के लिए सबसे आगे चलते थे। इसके अलावा पंद्रह अगस्त को उन्होंने बारिश में भीगते हुए महानगर ई-पार्क में झंडारोहण किया था। पर्यावरण से उनको बहुत प्यार था। उनके घर में हरियाली ही नजर आती है।