लखनऊ (ब्यूरो)। नगर निगम लखनऊ द्वारा गुरुवार को अटल बिहारी बाजपेयी नगर निगम डिग्री कॉलेज में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में स्मार्टफोन एवं टैबलेट वितरण कार्यक्रम का आयोजन मुख्य अतिथि सदस्य विधान परिषद एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ। दिनेश शर्मा की उपस्थिति में हुआ।

बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करके हुई। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। उक्त अवसर पर महाविद्यालय के स्नातक अंतिम वर्ष के 173 छात्र-छात्राओं को स्मार्टफोन वितरित किए गए। पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ। दिनेश शर्मा ने कहा कि शिक्षक और शिक्षार्थी के संयुक्त प्रयास से ही अच्छी शिक्षा संभव है। सरकार द्वारा सांस्कृतिक, खेल, स्मार्ट क्लास, स्कॉलरशिप, अभ्युदय योजना, कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आदि बहुत सारी निशुल्क योजनाएं संचालित हैं। उन्होंने महाविद्यालय के विकास के लिए अपनी निधि से 25 लाख नगर निगम डिग्री कॉलेज के लिय एवं नगर निगम द्वारा संचालित अन्य विद्यालयों के लिय 20-20 लाख धनराशि स्वीकृत करने की संस्तुति दी।

अपना और देश का भविष्य संवारेंगे

महापौर ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य अंत का उदय यानी कि अंतिम पंक्ति तक बैठे व्यक्ति को लाभ पहुंचाने का है। मुख्यमंत्री के अथक प्रयासों के बाद नि:शुल्क कोचिंग की व्यवस्था अभ्युदय योजना के अंतर्गत की गई है। जिसके जरिये उच्च शिक्षा प्राप्त कर छात्र एवं छात्राएं आईएएस, पीसीएस इत्यादि क्षेत्र में शिक्षण प्राप्त कर अपना और देश का भविष्य संवारने योग्य बन सकेंगे। इसके लिए नगर निगम द्वारा संचालित विद्यालयों एवं कॉलेजों में इसके दृष्टिगत व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। जल्द ही इस विद्यालय में भी अभ्युदय योजना के तहत नि:शुल्क अनुशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षक दिमाग से नहीं दिल से पढ़ाएं, माता और शिक्षक ही छात्र को संस्कारित करते हैं। नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का आश्वासन दिया। उक्त कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, अपर नगर आयुक्त अमित बाजपेई, जोन सात के जोनल अधिकारी मनोज यादव आदि मौजूद रहे।