लखनऊ (ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी की ओर से प्रदेश स्तरीय शास्त्रीय गायन, वादन और नृत्य की प्रतिस्पर्धाएं सोमवार 24 से 28 अप्रैल तक गोमती नगर विपिन खंड स्थित अकादमी परिसर में आयोजित की जा रही हैं। अकादमी के निदेशक तरुण राज ने बताया कि इसमें प्रदेश के 19 संभागों के प्रथम आए धु्रपद, धमार, ख्याल तराना, ठुमरी, दादरा गायन, तंत्र, गज, सुशिर, तबला, पखावज वादन और कथक नृत्य के प्रतिभागी भाग लेंगे।

नवांकुर के तहत देंगे प्रस्तुतियां

कार्यक्रम संयोजिका और संगीत सर्वेक्षक रेनू श्रीवास्तव ने बताया कि संगीत के क्षेत्र में प्रदेश के उदीयमान प्रतिभा संपन्न अव्यवसायिक बाल, किशोर एवं युवा कलाकारों की खोज के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी ने शास्त्रीय संगीत प्रतियोगिता का वार्षिक आयोजन 1975 से प्रारंभ किया गया था। इस साल संभागीय प्रतियोगिताएं 2 जनवरी से 6 फरवरी तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित की गई थीं। इस क्रम में विजयी प्रतिभागियों की प्रस्तुतियां नवांकुर के तहत आगामी महीनों में करवायी जाएंगी।

ये प्रतियोगिताएं होंगी

इस साल प्रदेश स्तरीय प्रतिस्पर्धा सोमवार 24 अप्रैल को बाल वर्ग में धु्रपद, धमार, ख्याल तराना, ठुमरी, दादरा गायन की प्रतियोगिता सुबह 11 बजे से और किशोर वर्ग धु्रपद, धमार, ख्याल तराना, ठुमरी, दादरा गायन की प्रतियोगिता उसी दिन दोपहर 3 बजे से होगी। वहीं, मंगलवार 25 अप्रैल को युवा वर्ग में धु्रपद, धमार, ख्याल तराना, ठुमरी, दादरा गायन की प्रतियोगिता सुबह 11 से होगी। बुधवार 26 अप्रैल को तंत्र, सुशिर, गज वाद्य के सभी वर्गों की प्रतियोगिताएं सुबह 11 बजे से होंगी। गुरुवार 27 अप्रैल को तबला और पखावज वादन के सभी वर्गों की प्रतियोगिताएं सुबह 11 बजे से होंगी। अंतिम दिन शुक्रवार 28 अप्रैल को सभी वर्गों की कथक नृत्य प्रतियोगिताएं सुबह 11 बजे से होंगी।