लखनऊ ब्यूरो: वैसे तो राजधानी के लगभग सभी इलाकों में स्ट्रीट वेंडर्स की ओर से रोड पर गंदगी फैलाई जा रही है लेकिन निगम प्रशासन की ओर से की जा रही कार्रवाई से यह तस्वीर साफ हुई है कि जोन आठ मतलब सरोजनीनगर व आसपास के एरिया में स्ट्रीट दुकानें लगाने वाले वेंडर्स रोड्स पर अधिक गंदगी फैला रहे हैैं। जबकि हजरतगंज, आलमबाग और गोमतीनगर एरिया में स्थिति खासी बेहतर है। हालांकि अलीगंज एरिया भी डेंजर जोन में है। फिलहाल अब निगम प्रशासन की ओर से और भी कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

रोज 40 लोगों पर जुर्माना

निगम की ओर से की जा रही कार्रवाई से साफ है कि सरोजनी नगर एरिया में रोजाना करीब 40 स्ट्रीट वेंडर्स पर जुर्माना संबंधी कार्रवाई की जा रही है। जुर्माने की कार्रवाई 50 रुपये से लेकर 500 रुपये तक है। जबकि हजरतगंज एरिया में एवरेज नौ से दस स्ट्रीट वेंडर्स पर जुर्माना किया जा रहा है। इसी तरह अलीगंज एरिया में हर दिन एवरेज 25 स्ट्रीट वेंडर्स पर जुर्माना लगाया जा रहा है। जबकि गोमती नगर एरिया में पहले जहां औसतन 40 स्ट्रीट वेंडर्स पर जुर्माना किया जा रहा था, यह संख्या अब 10 के करीब हो गई है। सभी आठ जोन मिलाकर हर दिन एवरेज 180 से 200 लोगों पर गंदगी फैलाने संबंधी जुर्माना किया जा रहा है और मौके पर ही जुर्माना राशि जमा भी कराई जा रही है।

स्वच्छता परीक्षा पर फोकस

स्वच्छता परीक्षा शुरू हो चुकी है। इसे ध्यान में रखते हुए ही निगम की ओर से रोज शाम को चार से छह बजे तक गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। निगम की ओर से स्पष्ट किया गया है कि अभी गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

अब सुधर रही स्थिति

निगम की ओर से लगातार चलाए जा रहे अभियान से अब स्थिति सुधरती नजर आ रही है। पिछले दो दिनों में चले अभियान के दौरान जोन आठ में कम जुर्माना हुआ है। जबकि जोन तीन अलीगंज एरिया में जुर्माने का आंकड़ा बढ़ा है।