- न्यूनतम पारा सामान्य से 7 डिग्री लुढ़का

- नये साल पर बदली के साथ बारिश का अनुमान

LUCKNOW: राजधानी में साल का आखिरी दिन पिछले सात वर्षो में सबसे ठंडा रहा। राजधानी में मंगलवार को न्यूनतम पारा सामान्य से 7 डिग्री लुढ़ककर 0.7 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं अधिकतम तापमान 16.4 डिग्री दर्ज किया गया। ऐसे में राजधानी का मौसम भी शिमला-मसूरी जितना ही ठंडा रहा। भयानक ठंड के कारण लोगों को शहर में ही पहाड़ों की ठंड का अहसास हो रहा है। इसके पहले साल 2012 में 29 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री दर्ज किया गया था।

कोहरा व शीतलहर ने किया परेशान

साल के आखिर दिन मंगलवार को सुबह देर तक घना कोहरा छाया रहा। ऐसा लग रहा था जैसे मानों राजधानी को सफेद चादर ने ढक रखा हो। सुबह से ही तेज बर्फीली हवा ने गलन बढ़ा रखी थी, जिसकी वजह से लोग देर तक अपने घरों में ही दुबके रहे। वहीं शीतलहर चलने से आम जनजीवन ठप सा रहा। सुबह ऑफिस निकलने वालों को कोहरे ने परेशान किया। ऐसे में लोगों ने खुद को ठंड से बचाने के लिए अलाव के साथ हीटर और ब्लोअर का सहारा लिया। हालांकि दोपहर में तेज धूप निकलने से लोगों ने राहत की सांस ली।

रात में छाया कोहरा

मंगलवार को रात ढलते ही एकबार फिर तेज ठंडी हवा के साथ कोहरा छाने लगा, जिसने विजिबिलिटी को कम करने का काम किया। इसकी वजह से लोगों को गाड़ी चलाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। देर रात तक राजधानी को घने कोहरे ने अपनी चपेट में ले लिया।

बादलों की आवाजाही जारी रहेगी

मौसम विभाग के अनुसार वेस्टर्न डिस्टर्बेस की वजह से मौसम एकदम ठंडा बना हुआ है। पहाड़ों पर हो रही भारी बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में देखने को मिल रहा है। बुधवार को दिन साफ होने के साथ बादलों की आवाजाही जारी रहेगी। वहीं अगले दो-तीन दिन बारिश होने का अनुमान है। दिन का अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री रहने का अनुमान है।

बाक्स

पिछले वर्षो का दिसंबर में न्यूनतम तापमान

ईयर टेंपरेचर डेट

2018 3.3 30

2017 6.6 17

2016 4.9 18

2015 3 19

2014 2.2 12

2013 1.9 30

2012 0.7 29