लखनऊ (ब्यूरो)। फरवरी के गुजरते दिनों के साथ ही इसके मिजाज में मार्च की तपिश देखने को मिल रही है। बीते एक हफ्ते से तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चल रहा है। मंगलवार को इस महीने का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। अमौसी स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, मंगलवार को अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं रात का पारा भी 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

ला नीना का दिख रहा असर

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एम दानिश ने बताया कि इस साल ला नीना का असर दिख रहा है। जिससे तापमान में इजाफा देखने को मिल रहा है। फरवरी के महीने की बात की जाए तो लगातार औसत सामान्य तापमान 4 से 5 डिग्री अधिक है। इसके अलावा ठंड के मौसम में बारिश में भी कमी देखी गई। पश्चिमी विक्षोभ तो सक्रिय हुए, लेकिन यूपी को इतना प्रभावित नहीं कर पाए। ऐसे में बारिश न होने के कारण भी ठंड में कमी देखने को मिली।

इस साल फरवरी की सबसे गर्म शुरुआत

बीते तीन साल का आंकड़ा देखें तो इस साल फरवरी की सबसे गर्म शुरुआत हुई है। इस साल फरवरी के सबसे सर्द दिन तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। साल 2021 में मैक्सिमम तापमान 22.3 डिग्री और साल 2022 में 17.4 डिग्र्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।

बनारस में टूटा रेकॉर्ड

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि मंगलवार को प्रदेश में सबसे गर्म शहर बनारस रहा। यहां अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि बनारस के लिए यह अब तक का दूसरा सबसे गर्म फरवरी होगा। इससे पहले साल 2012 में 34.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ था।

पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय लेकिन नहीं मिलेगी राहत

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि 25 फरवरी से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। हालांकि, इसका असर शहर समेत प्रदेश में नजर नहीं आएगा। फिलहाल अगले एक हफ्ते तक मौसम में कोई बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। सुबह धुंध दिखेगी, लेकिन दिन चढऩे के साथ ही आसमान साफ होगा और ताापमान भी 30 डिग्री सेल्सियस के ऊपर ही दर्ज होगा। मौसम शुष्क रहेगा और धूप खिली रहेगी।

आंकड़ों पर डालें एक नजर

साल 2006: 35.9 डिग्री सेल्सियस

साल 2016: 33.3 डिग्री सेल्सियस

साल 2021: 33.6 डिग्री सेल्सियस

साल 2023: 32.8 डिग्री सेल्सियस